राजनैतिक हलचल के बीच दिग्विजय ने दी नाथ को बधाई, लेकिन क्यों..?

DIGVIJAY SINGH

भोपाल।
सियासी उठापटक के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने सीएम कमलनाथ को बधाई दी है।दिग्विजय ने कमलनाथ को जनता के नाम लिखे पत्र और ट्वीटर पर हरिवंशराय बच्चन की कविता को लेकर बधाई दी है। दिग्विजय ने कमलनाथ के ट्वीट पर रिट्वीट करते हुए लिखा है कि हिम्मत के साथ हर भाजपा की साज़िश का मुक़ाबला हम करेंगे और कामयाब नही होने देंगे। इधर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जवाबी पत्र सीएम को लिखा है।

दरअसल, बीते एक हफ्ते से प्रदेश में गर्माई सियासत के बीच शनिवार को सीएम कमलनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम एक पत्र लिखा है।इसमें सीएम कमलनाथ ने पूरे सियासी घटनाक्रम का जिक्र किया है और भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाए है। वही पत्र के माध्यम से कमलनाथ ने कई सवालों के जवाब मांगे है।वही एक ट्वीट भी किया जिसमें उन्होने हिंदी के प्रसिद्ध कवि, हरिवंश राय बच्चन की ‘अग्निपथ’ कविता को ट्वीट किया। इस पर दिग्विजय ने रिट्वीट करते हुए लिखा है कि बधाई कमलनाथ जी। यही आपकी शक्ति है, हिम्मत के साथ हर भाजपा की साज़िश का मुक़ाबला हम करेंगे। हम सब मप्र में जनता के २०१८ के विधान सभा के मतदाताओं के निर्णय का सम्मान करते हुए भाजपा की साज़िश कामयाब नहीं होने देंगे।

क्या लिखा है आखिर पत्र में
कमलनाथ ने लिखा है कि मैं यह कभी कल्पना भी नहीं कर सकता था कि सत्ता की लोलुपता भाजपा के नेताओं को इस क़दर नैतिक पतन की ओर ले जाएगी कि वे प्रदेश के नागरिकों के प्रजातंत्रीय निर्णय की ही सौदेबाजी करने लगेंगे । आज सचमुच भाजपा नेताओं के इस अशोभनीय आचरण ने मध्यप्रदेश के गौरवशाली इतिहास और वैभवशाली विरासत को कलंकित करने की कोशिश की है ।आज प्रदेश भाजपा नेताओं ने न सिर्फ़ प्रदेश सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की है अपितु उन्होंने प्रदेश के विकास पर सीधा आक्रमण किया है । प्रदेश में धीरे-धीरे आ रहे निवेश और उसकी असीम संभावनाओं को आघात पहुँचाने की धृष्टता की है , किसानों की कर्ज माफी और उनके उज्ज्वल भविष्य पर वार किया है , युवाओं के रोजगार के सुनहरे अवसरों पर प्रहार किया है ।मैं आश्वस्त हूँ , मेरे सभी विधायक साथी सरकार के साथ दृढ़ता से खड़े हैं, प्रदेश के विकास के प्रति प्रतिबद्ध और समर्पित हैं । मैं आज एक बात भाजपा नेताओं को साफ़ कर देना चाहता हूँ कि मैने चालीस साल से ज्यादा के अपने सार्वजनिक जीवन में कभी भी नफ़रत, निराशा और नकारात्मकता को कोई स्थान नहीं दिया है । याद कीजिए जब मैं केंद्र में मंत्री था और प्रदेश में सरकार भाजपा की थी तब भी मैने पूरे मनोयोग से प्रदेश के विकास में अपना योगदान दिया है । एक क्षण भी मेरे मन में इस बात का ख़याल कभी नहीं आया कि प्रदेश में भाजपा सरकार है और मैं उसे अस्थिर करूँ । मेरे अंतरमन में हमेशा मध्यप्रदेश की तरक्की का भाव ही रहा है ।

बीजेपी से की ये मांग
वही उन्होंने आगे लिखा है कि मैं भाजपा नेताओं से अनुरोध करता हूँ कि वे सत्ता की भूख का प्रदर्शन इस तरह न करें कि लोगों का प्रजातंत्र पर से भरोसा ही उठ जाए।मैं प्रार्थना करता हूँ कि हनुमान जी भाजपा को मर्यादा ,संयम और चरित्रबल दें ताकि हम सब पक्ष और प्रतिपक्ष मिलकर प्रदेश के विकास के स्वप्न को साकार कर सकें ।

ट्वीटर पर लिखी ये कविता

वृक्ष हों भले खड़े,
हों घने हों बड़े,
एक पत्र छाँह भी,
माँग मत, माँग मत, माँग मत,
अग्निपथ अग्निपथ अग्निपथ।

तू न थकेगा कभी,
तू न रुकेगा कभी,
तू न मुड़ेगा कभी,
कर शपथ, कर शपथ, कर शपथ,
अग्निपथ अग्निपथ अग्निपथ।

यह महान दृश्य है,
चल रहा मनुष्य है,
अश्रु श्वेत रक्त से,
लथपथ लथपथ लथपथ,
अग्निपथ अग्निपथ अग्निपथ।

~ हरिवंशराय बच्चन

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews