
Digvijaya Singh Indore Visit
इंदौर में दिग्विजय सिंह के दौरे पर हुए विवाद को लेकर बीजेपी नेता रामेश्वर शर्मा ने चुटकी ली है। बता दें कि दो दिन पहले दिग्विजय सिंह इंदौर पहुंचे थे और बीजेपी विधायक मालिनी गौड़ के बेटे एकलव्य गौड़ के द्वारा सीतलामाता बाज़ार से मुस्लिम कर्मचारियों को हटाने के फरमान का विरोध किया था।
उसी दौरान इंदौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बिना नाम लिए दिग्विजय सिंह पर अप्रत्यक्ष रुप से तल्ख टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा कि कोई भी छोटा नेता हो या बड़े नाते, किसी भी विषय पर स्टैंड लेना है तो संगठन की सहमति आवश्यक है। उन्होंने ये भी कहा कि किसी भी नेता को आने से पहले शहर एवं जिला अध्यक्ष के साथ चर्चा करनी चाहिए।
दिग्विजय सिंह के इंदौर दौरे पर कांग्रेस में अंदरूनी टकराव
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में शीतला माता बाजार को लेकर छिड़े सांप्रदायिक विवाद ने शनिवार को नया मोड़ ले लिया। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह बाजार का दौरा करने पहुंचे, लेकिन स्थानीय व्यापारियों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने उनका कड़ा विरोध किया। लेकिन बात तब आगे बढ़ गई तब इंदौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिन्टू चौकसे ने भी दिग्विजय सिंह का नाम लिए बगैर तीखी नसीहत दे डाली। उनके बयान को दिग्विजय सिंह के दौरे से जोड़कर देखा जा रहा है।
अरुण यादव के ट्वीट से मची खलबली
वहीं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव का एक ट्वीट भी वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने कहा है कि “पार्टी एवं पार्टी की विचारधारा के लिए वैचारिक और सतही संघर्ष आज समय की मांग है सिर्फ भाषणों एवं बयानों से जहरीली विचारधाराओं से संघर्ष कर पाना नामुमकिन है, सभी को साथ रख कर अपनी विचारधारा को लेकर समन्वय और एकजुटता से हम संघर्ष करेंगे, तभी प्रदेश में हमारी सरकार बनाने का सपना साकार होगा । जिस साहस और ईमानदारी के साथ हमारे नेता श्री राहुल गांधी जी संघर्ष कर रहे हैं उसका एक प्रतिशत भी मप्र में हम अंगीकार कर लें तो संघर्ष की राह आसान हो जाएगी।” इसे लेकर भी कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाज़ी को लेकर एक बार फिर चर्चाएं जोरों पर हैं।
रामेश्वर शर्मा ने कसा तंज़
इस मामले पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि “पूरी कांग्रेस में गृहयुद्ध चल रहा है। कांग्रेस में स्वयंभू नेता अब तैयार हो रहे हैं। कोई अपने लिए मुख्यमंत्री का नारा लगवाता है। कोई अपनेआप को भावी मुख्यमंत्री घोषित करने के चक्कर में बड़े-बड़े नेताओं को जिले में पटक देता है। अब दिग्विजय सिंह जी की रणनीति उसी पर चल रही है। आप देखेंगे कि एक और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव जी ने भी जो ट्वीट किया है, उससे भी साबित होता है कि कांग्रेस में सबकुछ सामान्य नहीं है। कांग्रेस में उठापटक तेज है और सब एक दूसरे को नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। दिग्विजय सिंह जी जिस तरह मध्यप्रदेश में अपना वर्चस्व स्थापित करना चाहते हैं, जीतू पटवारी और उमंग सिंघार को अपदस्थ करना चाहते हैं। खैर ये कांग्रेस की आंतरिक कलह है। मैं मातारानी से प्रार्थना करूंगा कि जिस तरह कांग्रेस चल रही है, वैसी ही सौ साल तक चलती रहे।” बीजेपी नेता ने कहा कि कांग्रेस को हमारी तरफ से हार्दिक शुभकामनाएँ। उनमें इसी तरह का अभ्यास जारी रहे तो अच्छा ही होगा।
[dgv_vimeo_video id=”1122777529″]
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

