कमर्चारियों की GPF से जुड़ी समस्या के निराकरण के लिए सरकार लगा रही विशेष शिविर, 7 से 11 जुलाई तक चलेगा जागरूकता और समाधान अभियान

इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अधिक से अधिक कर्मचारी इस शिविर से लाभान्वित हों, जिससे उनके सामान्य भविष्य निधि खातों से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके और भविष्य में ऐसी गड़बड़ियों से बचा जा सके।
employes news

मध्य प्रदेश में शासकीय विभागों में काम करने वाले सरकारी कर्मचारियों के लिए ये अच्छी खबर है, उनके GPF कटौत्रों में आने वाली समस्या के निराकरण और जीपीएफ से जुड़ी जानकारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सरकार विशेष शिविर लगाने जा रही है, शिविर का आयोजन विंध्याचल भवन में 7 से 11 जुलाई तक किया जायेगा।

प्रधान महालेखाकार द्वितीय द्वारा भोपाल में सामान्य भविष्य निधि के गुमशुदा कटौत्रों से संबंधित समस्याओं के निराकरण और कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भोपाल के तीन प्रमुख कोषालयों- जिला कोषालय, विंध्याचल कोषालय एवं वल्लभ भवन कोषालय में 7 जुलाई से 11 जुलाई 2025 तक विशेष शिविर (कैंप) आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर विंध्याचल भवन तृतीय तल यूनएडीपी हॉल में निर्धारित किया गया है।

कर्मचारियों की समस्याओं का होगा समाधान 

महालेखाकार दल द्वारा शिविर में अभिदाताओं के समक्ष चर्चा कर समस्या का समाधान किया जायेगा। अभिदाताओं को विसंगतियों के समाधान के लिये वांछित दस्तावेज लाना होगा। यह शिविर सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों के लिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके माध्यम से न केवल गुमशुदा जीपीएफ कटौत्रों की समस्याओं का समाधान होगा। बल्कि भविष्य निधि से जुड़े अंतिम भुगतान प्रकरणों में बरती जाने वाली सावधानियों, आवश्यक प्रपत्रों, और पत्राचार की प्रक्रिया को लेकर भी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

तीन कोषालयों में विशेष शिविर 

वरिष्ठ कोषालय अधिकारी वल्लभ भवन राजीव सिंह पवैया ने बताया कि सभी अधीनस्थ तीनों कोषालयों जिला कोषालय, विंध्याचल कोषालय एवं वल्लभ भवन कोषालय से समन्वय करते हुए प्रशासन ने नोडल अधिकारी की नियुक्ति, व्यापक प्रचार-प्रसार तथा सभी आहरण संवितरण अधिकारी को पंपलेट्स के माध्यम से जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। शिविर स्थल पर कम से कम 150 अधिकारियों के बैठने की व्यवस्था, बिजली, पानी, लैपटॉप-प्रिंटर के लिए तकनीकी सुविधाएं और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जायेगी।

कर्मचारियों के हित में एक सार्थक पहल

  • इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अधिक से अधिक कर्मचारी इस शिविर से लाभान्वित हों, जिससे उनके सामान्य भविष्य निधि खातों से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके और भविष्य में ऐसी गड़बड़ियों से बचा जा सके।
  • सामान्य भविष्य निधि अंशदाताओं को सही समय पर और सटीक जानकारी मिलना, उनके आर्थिक अधिकारों की सुरक्षा की दिशा में एक बड़ी पहल है, जिसे सफल बनाने के लिए हर स्तर पर सहयोग और सक्रियता की आवश्यकता है।
  • पवैया ने सभी संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारियों से आग्रह किया गया है कि वे उक्त शिविर में अनिवार्य रूप से भाग लें, साथ ही अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी इस संबंध में जागरूक करें। 
Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews