जीतू पटवारी ने नितिन नवीन से MP दौरे के बीच किए सवाल, पूछा “जनता के सवालों का अंधेरा कब मिटेगा”

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के बीच कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा है। विपक्ष ने सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा है कि उत्सव के साथ उन मुद्दों पर भी चर्चा होनी चाहिए, जिनका सीधा असर आम लोगों के जीवन पर पड़ता है।
Jitu Patwari PC

Jitu Patwari

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मध्यप्रदेश में होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मध्यप्रदेश दौरे और इंदौर-उज्जैन में होने वाले कार्यक्रमों पर सवाल उठाते हुए कहा कि दीया जलाने से पहले यह देखना चाहिए कि जनता की जिंदगी में वास्तव में कितना बदलाव आया है।

कांग्रेस नेता ने नितिन नवीन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर वे इंदौर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने आ रहे हैं, लेकिन उन्हें यह भी सोचना चाहिए कि कहीं यह दीया कोरोना के दौर में बजवाई गई ताली-थाली की याद तो नहीं दिलाएगा। उन्होंने नोटबंदी के दौरान लगी लंबी कतारों का भी जिक्र किया और कहा कि ऐसे आयोजनों के बीच जनता के पुराने सवालों को भी याद किया जाना चाहिए।

जीतू पटवारी ने किए सवाल

जीतू पटवारी ने कहा कि बारह साल में अगर लोगों को बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं मिली हैं, सड़कें बेहतर हुई हैं, युवाओं को रोजगार मिला है और किसानों की आय बढ़ी है तो दीया जरूर जलाया जाना चाहिए। लेकिन अगर आम आदमी आज भी महंगाई, बेरोजगारी, खराब स्वास्थ्य व्यवस्था और सरकारी अव्यवस्था से परेशान है तो सवाल उठता है कि यह विकास का दीया है या जनता की तकलीफों पर रोशनी डालने की कोशिश। कांग्रेस नेता ने कहा कि लोकतंत्र में प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के साथ जनता के मुद्दों पर भी बात होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दीया जलाने से पहले जनता के सवालों का अंधेरा दूर करना जरूरी है।

नितिन नवीन मध्यप्रदेश दौरे पर 

प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 17 और 18 सितंबर को मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। उनके दौरे में इंदौर और उज्जैन के कार्यक्रम प्रमुख हैं। इंदौर में वे ग्रामीणों को संपत्ति के अधिकार से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की शुरुआत करेंगे। इसके बाद उज्जैन में मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।

उज्जैन में क्षिप्रा नदी के रामघाट पर बड़े स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी की गई है। भाजपा की ओर से इसे प्रधानमंत्री के जन्मदिन और सेवा संकल्प अभियान से जोड़ा गया है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में दीप जलाए जाएंगे और धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे। नबीन 18 सितंबर की सुबह उज्जैन में महाकाल मंदिर की भस्म आरती में शामिल होंगे। इसके बाद उनका इंदौर लौटकर आगे के कार्यक्रम के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद मध्यप्रदेश का यह दौरा भाजपा संगठन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews