मध्य प्रदेश सरकार इस साल कोदो-कुटकी का उपार्जन MSP पर करने जा रही है, इस समय इसके पंजीयन हो रहे हैं, अच्छी खबर ये है कि सरकार ने पंजीयन की तारीख बढ़ा दी है, अब किसान 31 अक्टूबर तक कोदो-कुटकी उपार्जन के लिए पंजीयन करा सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए कोदो- कुटकी उपार्जन के लिए पंजीयन की तिथि 31 अक्टूबर 2025 तक बढ़ा दी है। खरीफ वर्ष 2025 में ई-उपार्जन पोर्टल पर अभी तक पंजीयन 10 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक किये गए थे लेकिन अब किसानों की मांग पर इसे बढ़ा दिया गया है।
इन 16 जिलों में होगा उपार्जन
उल्लेखनीय है कि रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना अंतर्गत श्रीअन्न प्रोत्साहन कंसोर्टियम ऑफ फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा मध्य प्रदेश के 16 जिलों में कोदो-कुटकी का उपार्जन किया जाना है, जिन जिलों में कोदो-कुटकी का उपार्जन किया जायेगा उनमें जबलपुर, कटनी, मंडला, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, रीवा, सीधी, सिंगरौली, मैहर, सतना, मऊगंज, बालाघाट एवं सिवनी शामिल हैं।
कुटकी 3500 रुपये, कोदो 2500 रुपये प्रति क्विंटल MSP
गौरतलब है कि 14 अक्टूबर को हुई कैबिनेट की बैठक में मध्य प्रदेश सरकार ने MSP पर कोदो-कुटकी के उपार्जन का बड़ा फैसला लिया था, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में जानकारी दी गई है कि खरीफ 2025 में उत्पादित श्रीअन्न कुटकी 3500 रुपये प्रति क्विंटल एवं कोदो 2500 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से लगभग 30 हजार मेट्रिक टन का उपार्जन किया जायेगा।






