Lok Sabha Election 2024: दो चरणों की नामांकन प्रक्रिया के बाद 13 लोकसभा सीटों पर 176 प्रत्याशी मैदान में, तीसरे चरण की अधिसूचना 12 अप्रैल को जारी होगी

Election 2024

Lok Sabha Election 2024 : देश में लोकसभा चुनाव 7 चरणों में हो रहे हैं इनमें से मध्य प्रदेश में ये चार चरणों में संपन्न होंगे, अबतक दो चरणों की नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है, इसमें 13 लोकसभा सीटों के लिए कुल 176 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, पहले चरण में 88 और दूसरे चरण में भी 88 उम्मीदवारों के नामांकन फॉर्म विधिमान्य माने गए हैं, अब तीसरे चरण की निर्वाचन प्रक्रिया 12 अप्रैल से शुरू होगी और इसी दिन से नामांकन फॉर्म भरना शुरू होंगे।

दूसरे चरण की 7 लोकसभा सीटों के लिए 88 चुनाव मैदान में 

दूसरे चरण के लिये 7 लोकसभा सीटों के लिए भरे गये नाम निर्देशन पत्रों की वापसी प्रक्रिया के बाद अब 88 प्रत्याशी अंतिम रूप से चुनाव मैदान में हैं। नाम वापस लेने के अंतिम दिन सोमवार को 5 प्रत्याशियों ने अपने नाम निर्देशन पत्र वापस ले लिये। निर्वाचन आयोग से जारी जानकारी के मुताबिक टीकमगढ़ (अजा) लोकसभा सीट के लिए 7 प्रत्याशी, दमोह लोकसभा सीट के लिए 14, खजुराहो लोकसभा सीट के लिए 14, सतना लोकसभा सीट के लिए 19, रीवा लोकसभा सीट के लिए 14, होशंगाबाद लोकसभा सीट के लिए 12 एवं बैतूल (अजजा) लोकसभा सीट के लिए 8 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। अंतिम दिन 8 अप्रैल को लोकसभा संसदीय क्षेत्र टीकमगढ़ (अजा) में 1, दमोह में 2, सतना में 1 और बैतूल (अजजा) मे 1 अभ्यर्थी ने अपने नाम निर्देशन पत्र वापस ले लिये हैं।

पहले चरण की 6 लोकसभा सीटों के लिए 88 चुनाव मैदान में 

गौरतलब है कि पहले चरण के लिये 6 लोकसभा सीटों के लिए भरे गये नामांकन फॉर्म्स की वापसी के बाद 88 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। नाम वापस लेने के अंतिम दिन 19 उम्मीदवारों ने अपने नाम निर्देशन पत्र वापस ले लिये। निर्वाचन आयोग के मुताबिक 30 मार्च को नाम निर्देशन पत्रों की वापसी के बाद सीधी लोकसभा सीट के लिए 17 उम्मीदवार, शहडोल (अजजा) लोकसभा सीट के लिए 10, जबलपुर लोकसभा सीट के लिए 19, मंडला (अजजा) लोकसभा सीट के लिए 14, बालाघाट लोकसभा सीट के लिए 13 एवं छिन्दवाड़ा लोकसभा सीट के लिए 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, संसदीय क्षेत्र सीधी में 3, जबलपुर में 2, मंडला में 2, बालाघाट में 4 और छिंदवाड़ा में 8 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र वापस लिये हैं।

मतगणना 4 जून को होगी,  इसी दिन परिणामों की घोषणा 

उल्लेखनीय है कि इन प्रत्याशियों के शपथ पत्र एवं अन्य जानकारियां भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट की लिंक https://affidavit.eci.gov.in/ पर देखी जा सकती हैं। पहले चरण के लिए शुक्रवार, 19 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण के लिए मतदान 26 अप्रैल को होगा,  मतगणना 4 जून को होगी। निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक प्रदेश में 4 चरणों में चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी। पहले चरण के लिए मतदान 19 अप्रैल, दूसरे चरण के लिए 26 अप्रैल, तीसरे चरण के लिए 7 मई और चौथे चरण के लिए मतदान प्रक्रिया 13 मई को सम्पन्न होगी। सभी चरणों की मतगणना के परिणाम एक साथ 4 जून 2024 को घोषित किए जाएंगे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews