Lok Sabha Election 2024 : कन्याकुमारी में पीएम मोदी का 45 घंटे का ध्यान, उमा भारती ने कहा ‘स्वामी विवेकानंद की घोषणा को साकार करेंगे’

उमा भारती ने कहा कि विवेकानंद जी ने घोषणा की थी कि समय आने पर पूरी दुनिया भारत के चरणों में नतमस्तक हो जाएगी। हमारे प्रधानमंत्री तीसरे कार्यकाल में स्वामी विवेकानंद की घोषणा को साकार कर देंगे ऐसी मेरी मां पार्वती (कन्याकुमारी) से प्रार्थना है।
Lok Sabha Election 2024 : कन्याकुमारी में पीएम मोदी का 45 घंटे का ध्यान, उमा भारती ने कहा ‘स्वामी विवेकानंद की घोषणा को साकार करेंगे’

Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान के लिए आज शाम प्रचार थम जाएगा और इसके बाद पीएम मोदी आध्यात्मिक यात्रा पर जा रहे हैं। वे 30 मई से 1 जून तक कन्याकुमारी  के विवेकानंद रॉक मेमोरियल में 45 घंटे के लिए ध्यान लगाएँगे। इसे लेकर बीजेपी नेता उमा भारती ने प्रसन्नता जताई है और कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री स्वामी विवेकानंद जी की घोषणा को साकार करेंगे।

उमा भारती ने कहा ‘पीएम विवेकानंद जी की घोषणा को साकार करेंगे’

उमा भारती ने एक्स पर लिखा है कि ‘माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी कन्याकुमारी के जिस स्थान पर ध्यान लगाएंगे उसी जगह पर स्वामी विवेकानंद जी ने ध्यान लगाया था फिर अमेरिका गए थे। कन्याकुमारी में ही दो समुद्रों का मिलन है यहां का सूर्योदय एवं सूर्यास्त सबसे सुंदर है। यहां के समुद्र की उत्ताल तरंगों की तरह भारत का वैभव और ज्ञान भी उछालें मारे, मोदी जी का ध्यान सार्थक हो। मोदी जी का बहुत-बहुत अभिनंदन। मुगलों ने हमारे मंदिर एवं मूर्तियाँ तोड़ी और अंग्रेजों ने पूरी दुनिया में हमारी छवि खराब की थी उन्होंने हमें संपेरे, मदारियों, तांत्रिकों, कालाजादू, आपस में लड़ने वाले, जातियों में विभाजित असभ्य लोगों का देश होने की हमारे भारत की छवि बनाई थी। कन्याकुमारी की जिस शिला पर ध्यान लगाकर जब स्वामी जी विदेश गए तब से उन्होंने भारत को अथाह ज्ञान, अपार वैभव, विद्वान और संस्कारी तथा सभ्य लोगों का देश स्थापित किया। विवेकानंद जी ने घोषणा की थी कि समय आने पर पूरी दुनिया भारत के चरणों में नतमस्तक हो जाएगी। हमारे प्रधानमंत्री जी तीसरे कार्यकाल में स्वामी विवेकानंद जी की घोषणा को साकार कर देंगे ऐसी मेरी मां पार्वती (कन्याकुमारी) से प्रार्थना है।’

एक जून को होगी सातवें चरण की वोटिंग

बता दें कि एक जून को देश में सातवें और अंतिम चरण का मतदान होगा। इस चरण में आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 57 सीटों पर वोटिंग होगी। इनमें उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, बिहार, पंजाब, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और चंडीगढ़ के संसदीय क्षेत्र शामिल हैं। इस दौरान उत्तर प्रदेश में 13, पंजाब में 13, पश्चिम बंगाल में 9, बिहार में 8, ओडिशा में 6, हिमाचल प्रदेश में 4, झारखंड में 3 और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में एक सीट के लिए वोटिंग होगी। इस चरण में कुल 904 उम्मीदवार मैदान में हैं। 4 जून को मतगणना होगी और तस्वीर साफ़ हो जाएगी कि देश की जनता ने अगले पाँच साल के लिए सरकार के रूप में किसका चुनाव किया है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews