मध्यप्रदेश पुलिस की साइबर अपराधों पर बड़ी सफलता, 2200 किलोमीटर पीछा कर 4 अंतर्राज्यीय एटीएम ठग गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपियों से 118 फर्जी एटीएम कार्ड तथा ठगी की संपूर्ण राशि बरामद की है।
Madhya Pradesh Police's major success in cybercrime

AI generated

राजगढ़ जिले की ब्‍यावरा पुलिस ने साइबर अपराध एवं ऑनलाइन वित्तीय ठगी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की है। पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी के निर्देशन में ब्‍यावरा पुलिस टीम ने लगातार 72 घंटे की मेहनत के बाद 2200 किलोमीटर की यात्रा कर उत्तर प्रदेश एवं हरियाणा से 4 अंतर्राज्यीय एटीएम ठगों को गिरफ्तार किया।

यह था मामला 

13 अक्‍टूबर को फरियादी नारायण मोंगिया, निवासी ब्‍यावरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि जब वे एसबीआई एटीएम से पैसे निकाल रहे थे, तभी दो अज्ञात व्यक्ति आए और एटीएम कार्ड बदलकर ₹56,000/- की राशि निकाल ली। थाना ब्‍यावरा में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने इस प्रकरण में 200 से अधिक CCTV फुटेज का विश्लेषण किया और साइबर सेल की तकनीकी सहायता से संदिग्धों की गतिविधियों को ट्रेस किया। लगातार तकनीकी निगरानी, लोकेशन एनालिसिस व फील्ड इंटेलिजेंस के माध्यम से पुलिस टीम यूपी के शामली, गाजियाबाद और हरियाणा के फरीदाबाद तक पहुंची और वहां से गिरोह के चार सदस्य सारिक पिता उमरदीन (30 वर्ष), निवासी खेडा कुर्तान, थाना कांदला, जिला शामली उत्तरप्रदेश, नईम अल्वी पिता मेहरवान (28 वर्ष) निवासी संगम विहार, थाना लोनी जिला गाजियाबाद उत्तरप्रदेश, नियाज पिता इजहार मोहम्मद (27 वर्ष) निवासी गंगैरू थाना कांदला जिला शामली उत्तरप्रदेश तथा गौरव सरोवा पिता त्रिलोकचंद सरोवा (33 वर्ष), निवासी डवुआ कॉलोनी, जिला फरीदाबाद (हरियाणा) को गिरफ्तार किया।

118 फर्जी एटीएम कार्ड, स्विफ्ट डिज़ायर कार, ठगी की संपूर्ण राशि बरामद

आरोपियों से पुलिस टीम ने 118 फर्जी एटीएम कार्ड, स्विफ्ट डिज़ायर कार, ठगी की संपूर्ण राशि ₹56,000/- शत-प्रतिशत बरामद की है। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा हाल ही में कई अभियानों में भी उल्लेखनीय सफलताएं दर्ज की गई हैं। जिनमें नरसिंहगढ़ पुलिस ने 3500 किलोमीटर की यात्रा कर पश्चिम बंगाल के मालदा से आपराधिक विश्वासघात के आरोपी को गिरफ्तार किया और लगभग ₹10 लाख मूल्य का संपूर्ण मशरूका तथा मन्दसौर जिले की भानपुरा पुलिस ने अमानत में खयानत और धोखाधड़ी के मास्टरमाइंड आरोपी को गिरफ्तार कर 21 चार पहिया वाहन (करीब ₹1 करोड़ मूल्य), दस्तावेज़ एवं मोबाइल फोन जब्त किए है, शामिल हैं।

अपराधियों के लिए चेतावनी

इन सतत और प्रभावी कार्रवाइयों से यह स्पष्ट होता है कि मध्यप्रदेश पुलिस ने साइबर और वित्तीय अपराधों पर सशक्त पकड़ बनाई है।पुलिस बल का यह प्रयास न केवल अपराधियों के लिए चेतावनी है, बल्कि यह जनता के प्रति पुलिस की पारदर्शी, संवेदनशील और उत्तरदायी छवि को भी सुदृढ़ करता है। प्रदेश में चल रहे “साइबर सुरक्षा अभियान” के तहत, मध्यप्रदेश पुलिस नागरिकों की सुरक्षा, उनकी आर्थिक संपत्ति की रक्षा और अपराध पर नियंत्रण के लिए निरंतर तत्पर है।

Sushma Bhardwaj
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews