मध्यप्रदेश के मंडला जिले में गर्भवती महिला और उसके गर्भ में पल रहे जुड़वा बच्चों की मौत का मामला सामने आने के बाद प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने घटना को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए इसे स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली का परिणाम बताया है।
उन्होंने कहा कि जहां एंबुलेंस और सड़क तक नहीं पहुंचती, वहां भाजपा सरकार का विकास का दावा आखिर कैसे पहुंच जाता है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार जवाब दे, इन मौतों की जिम्मेदारी कौन लेगा।
उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा
उमंग सिंघार ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि मंडला के सलैया गांव में प्रसव पीड़ा से जूझ रही 28 वर्षीय महिला को समय पर एंबुलेंस नहीं मिली। परिजनों को खराब सड़क के कारण निजी वाहन से अस्पताल ले जाना पड़ा, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक महिला और उसके गर्भ में पल रहे जुड़वा बच्चों की मौत हो गई। उन्होंने सवाल किया कि जहां एंबुलेंस और सड़क तक नहीं पहुंचती, वहां सरकार के विकास के दावे कैसे पहुंच जाते हैं। उन्होंने सरकार से पूछा कि इन मौतों की जिम्मेदारी कौन लेगा और प्रदेश की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था से लोगों को कब तक अपनी जान गंवानी पड़ेगी।
क्या है मामला
मंडला जिले के बीजाडांडी विकासखंड के सलैया गांव की 28 वर्षीय रुक्मणी नरेती को मंगलवार शाम लगभग 4 बजे प्रसव पीड़ा हुई। परिजनों के मुताबिक उन्होंने 108 जननी एंबुलेंस के लिए फोन किया लेकिन उन्हें वाहन उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी गई। इसके बाद परिजन निजी वाहन से महिला को अस्पताल ले गए। लेकिन रास्ता खराब होने के कारण अस्पताल पहुंचने में भी परेशानी हुई।
महिला को बीजाडांडी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक महिला सिकल सेल बीमारी से पीड़ित थी और उसे जिला अस्पताल मंडला तथा मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया था। उसके गर्भ में पल रहे दोनों जुड़वा बच्चों की भी मौत हो चुकी थी। इस मामले को लेकर अब कांग्रेस प्रदेश सरकार पर हमलावर है और स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल उठा रही है।
मध्यप्रदेश की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था ने फिर ली 3 जानें !
मंडला के सलैया गांव में प्रसव पीड़ा से जूझ रही 28 वर्षीय महिला को समय पर एंबुलेंस नहीं मिली। परिजनों को जर्जर सड़क से निजी वाहन में अस्पताल ले जाना पड़ा, लेकिन तब तक महिला और गर्भ में पल रहे जुड़वा बच्चों की मौत हो चुकी… pic.twitter.com/t3HpTnDejQ
— Umang Singhar (@UmangSinghar) September 3, 2026






