मंत्रालय कर्मचारी संघ की चेतावनी- “गाइडलाइन का पालन करें वरना 3 तीन में काम बंद”

मंत्रालय कर्मचारी संघ की चेतावनी- “गाइडलाइन का पालन करें वरना 3 तीन में काम बंद”

भोपाल

मंत्रालय में पिछले डेढ़ हफ्ते में दो कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद अब कर्मचारियों में खौफ का माहौल है। इनमें से एक आउटसोर्स कर्मचारी की मौत के बाद तो जैसे यहां हड़कंप की स्थिति है। ऐसे में अब मंत्रालय कर्मचारी संघ ने साफ कह दिया है कि अगर यहां केंद्र सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन नहीं हुआ तो वो लोग काम बंद कर देंगे।

मंत्रालय कर्मचारी संघ ने आरोप लगाया है कि मंत्रालय प्रशासन इस मुद्दे पर बिल्कुल गंभीर नहीं है। जहां दोनों कोरोना संक्रमण के केस पाए गए हैं उन सेक्शन को न तो खाली कराया गया है, न ही वहां काम करने वाले कर्मचारी और अधिकारियों को क्वारेंटाइन किया गया है। इसी के साथ न तो मंत्रालय में सेनेटाइजर की व्यवस्था है न ही साबुन और मास्क की उपलब्धता है। यहां सोशल डिस्टेंस का पालन भी नहीं हो रहा है। ऐसे में संघ ने कहा है कि कर्मचारियों की सुरक्षा के मद्देनजर मंत्रालय प्रशासन को यहां स्थित दफ्तर बंद करवाना चाहिए, और अगर उन्होने ऐसा नहीं किया तो कर्मचारी तीन दिन के बाद खुद काम बंद कर देंगे।

बता दें कि 28 मई को पहले कोरोना पॉजिटिव मरीज के सामने आने के बाद से ही यहां कर्मचारियों में भय का माहौल है। एक कर्मचारी की कोरोना से मौत के बाद मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक ने अपर मुख्य सचिव से जीएडी के दिए निर्देशों को पालन करने की मांग करते हुए ज्ञापन भी सौंपा था। दरअसल सामान्य प्रशासन विभाग ने 50 प्रतिशत कर्मचारियों को कार्यालय बुलाने के निर्देश दिए थे जबकि अब कुल 100 प्रतिशत कर्मचारियों को कार्यालय बुलाया जा रहा है। जिसके बाद मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक सहित अन्य अधिकारियों ने इसपर विरोध दर्ज कराया था और अपर मुख्य सचिव से जीएडी के दिए निर्देशों को पालन करने की मांग की थी। इससे पहले मंत्रालय कर्मचारी संघ ने सीएम शिवराज को भी एक पत्र लिखकर कहा था कि कोरोना के खिलाफ जो लड़ाई पूरे प्रदेश में चल रही है मंत्रालय उस लड़ाई का वॉररूम है। लेकिन इस लड़ाई के वॉररूम (war room) में ही कोरोना संकट को अधिकारियों द्वारा बिल्कुल लापरवाही से लिया जा रहा है। अब एक बार फिर कर्मचारी संघ भी इस मामले में खुलकर सामने आ गया है और काम बंद करने की चेतावनी दे दी है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews