
Sangita Sharma
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में विपक्ष की रैली के दौरान उनकी दिवंगत मां के खिलाफ दिए गए अपशब्दों को लेकर कहा कि यह सिर्फ उनकी मां का नहीं, बल्कि देश की हर मां और बहन का अपमान है। इसके जवाब में मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता संगीता शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि इसी भाषण को देने के लिए प्रायोजित गालियां दिलवाई गई थी और भाषण की स्क्रिप्ट पहले ही लिखी जा चुकी थी।
दिल्ली में आज पीएम मोदी ने कांग्रेस और आरजेडी से माफी की मांग करते हुए कहा कि ‘मैं बिहार की जनता के सामने मां को गाली देने वालों से कहना चाहता हूं मोदी तो तुम्हें एक बार माफ कर देगा, लेकिन भारत की धरती ने मां का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं किया है। इसलिए आरजेडी और कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए।’
पीएम मोदी ने कांग्रेस और आरजेडी पर निशाना साधा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अपनी स्वर्गीय मां के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों पर गहरा दुख व्यक्त किया और इसे बिहार की हर मां, बहन और बेटी का अपमान बताया। उन्होंने कांग्रेस और आरजेडी के नेताओं को ‘नामदार’ करार देते हुए उनकी मानसिकता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ‘एक गरीब मां की तपस्या, उसके बेटे की पीड़ा, ये शाही खानदानों में पैदा हुए युवराज नहीं समझ सकते। ये नामदार लोग सोने-चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं। इन्हें लगता है कि देश और बिहार की सत्ता उनकी खानदानी विरासत है।’
कांग्रेस ने कहा सारा मामाल ‘स्क्रिप्टेड’
इसके जवाब में मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता संगीता शर्मा ने इसे ‘प्रायोजित स्क्रिप्ट’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि ‘इसी भाषण को देने के लिए प्रायोजित गालिया दिलवाई गई थी। भाषण की स्क्रिप्ट पहले ही लिखी जा चुकी थी। झूठ पर राजनीतिक रोटी सेंक रहे हैं।मोदी जी देश और बिहार की जनता आज भी उस गाली वाले वीडियो का इंतज़ार कर रही है, जिसमें हमारी माँ को अपशब्द कहे गए हों।’ बता दें कि कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता पहले ही कह चुके हैं कि वो इस तरह की भाषा का समर्थन नहीं करते हैं। दिग्विजय सिंह ने इसे लेकर कहा था कि ये कांग्रेस की परंपरा नहीं है और जिसने भी ऐसी हरकत की है उसपर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, पवन खेड़ा ने ये आरोप भी लगाया था कि ये बीजेपी की ही साज़िश है।
इसी भाषण को देने के लिए प्रायोजित गालिया दिलवाई गई थी ❗️
भाषण की स्क्रिप्ट पहले ही लिखी जा चुकी थी❗️
झूठ पर राजनीतिक रोटी सेंक रहे हैं
मोदी जी❗️देश और बिहार की जनता आज भी उस गाली वाले वीडियो का इंतज़ार कर रही है, जिसमें हमारी माँ को अपशब्द कहे गए हों ❗️ #VoteChorGaddiChhod pic.twitter.com/k8I0olu5eN
— Sangeeta Sharma🇮🇳 (@SangeetaCongres) September 2, 2025
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

