MP Board 2026 : 13 फरवरी से कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं, सुरक्षा के कड़े इंतजाम, छात्रों को इन बातों का रखना होगा ध्यान

MP Board Exam 2026: मध्य प्रदेश बोर्ड की 12वीं की परीक्षाएं 10 फरवरी 2026 से शुरू हो गई है और 10वीं की परीक्षाएं 13 फरवरी से शुरू होंगी। इस बार नकल को रोकने के लिए सख्त नियम बनाए गए है। परीक्षा केंद्र पर जाने से पहले छात्र जरूर पढ़ लें..
jac Board Exam

मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल (MPBSE) की कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 10 फरवरी से शुरू हो गई है जो 7 मार्च तक संचालित की जाएंगी। कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 13 फरवरी (शुक्रवार) से शुरू होंगी और 6 मार्च 2026 तक चलेंगी। पूरे राज्य में कुल 3,856 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बिना ​प्रवेश पत्र (Admit Card) के परीक्षा केंद्र में प्रवेश वर्जित रहेगा।

मंडल द्वारा जारी निर्देश अनुसार, परीक्षा का समय सुबह 09:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक रहेगा। समस्त परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में सुबह 8:30 बजे उपस्थित होना अनिवार्य होगा। ध्यान रहे सुबह 8:45 बजे के बाद किसी भी छात्र को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उत्तर पुस्तिका वितरण सुबह 8:50 बजे और ​प्रश्न पत्र वितरण सुबह 08:55 बजे होगा।

छात्र इन बातों का रखें ध्यान

  • परीक्षा कक्ष में मोबाइल, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना सख्त मना है।
  • पारदर्शी पानी की बोतल और ज्यामिति (Geometry) बॉक्स ले जाने की अनुमति है।
  • विद्यार्थियों को उत्तरपुस्तिका के ऊपर सबसे पहले पेज पर ओएमआर शीट पर रोल नंबर, विषय कोड, नाम सहित सभी प्रविष्टियां सही ढंग से भरना अनिवार्य होगा।
  • ओएमआर शीट में किसी भी प्रकार की गलती से परीक्षा परिणाम प्रभावित हो सकता है।
  • परीक्षाकाल में मप्र शासन द्वारा यदि कोई सार्वजनिक अथवा स्थानीय अवकाश घोषित किया जाता है, तो भी परीक्षाएं यथावत कार्यक्रमानुसार सम्पन्न होगी।
  • परीक्षा शुरू होने के बाद पहले दो घंटे तक किसी भी परीक्षार्थी को किसी भी कारण से परीक्षा केंद्र से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
  • परीक्षा कक्ष में अगर किसी छात्र के पास कोई अनुचित सामग्री (मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पर्ची या कोई संदिग्ध चीज) मिलती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सकती है। छात्र की परीक्षा निरस्त कर नकल का प्रकरण दर्ज किया जा सकता है।
  • मण्डल, आवश्यकता होने पर तिथि एवं समय में कभी भी बिना पूर्व सूचना के परिवर्तन कर सकता है, किंतु संचार माध्यमों से संसूचित करेगा।
  • बोर्ड परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए हर जिले में चार-चार फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात हैं। इनमें दो विकासखंड स्तर पर और दो जिला स्तर पर हैं। हर स्क्वॉड में तीन सदस्य हैं, जो पुलिस या प्रशासनिक अधिकारी होते हैं।
  • कई परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। संवेदनशील केंद्रों की मॉनिटरिंग सीधे भोपाल स्थित बोर्ड कार्यालय से होगी।
  • प्रश्न-पत्रों को थानों से परीक्षा केंद्र तक ले जाने की पूरी प्रक्रिया में वीडियोग्राफी और सुरक्षा गार्ड लगाए गए है।
  • परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ पर भी रोक लगाई गई है।

10 फरवरी से 12वीं परीक्षा शुरू, पहले दिन दो संभाग में 13 नकल प्रकरण दर्ज

मंगलवार को कक्षा 12वीं का अंग्रेजी विषय का पेपर शांति पूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। परीक्षा के दौरान प्रदेश के भोपाल संभाग के भोपाल जिले में 07 नकल प्रकरण तथा ग्वालियर संभाग के मुरैना जिले में 06 नकल प्रकरण दर्ज किए गए। शेष सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा प्रक्रिया सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण रही। माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।

मुख्यमंत्री ने छात्रों को दिया आत्मविश्वास का कारगर मंत्र

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बोर्ड परीक्षा से पहले छात्रों को आत्मविश्वास का कारगर मंत्र दिया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा की तैयारी पूरी मेहनत और लगन से करें, तनाव बिलकुल भी न लें। परीक्षा हमारे जीवन का एक पड़ाव मात्र है, अंतिम लक्ष्य नहीं। मेहनत करना आपकी आदत में होना चाहिए, लेकिन तनाव को खुद पर हावी न होने दें। छात्रों के लिए परीक्षा के वक्त आत्मविश्वास, अनुशासन और संतुलित दिनचर्या ही सफलता की अंतिम कुंजी है। परीक्षा के समय सभी विद्यार्थी पर्याप्त नींद लें। पढ़ाई का एक शेड्यूल निर्धारित करें। किसी विषय के अध्ययन के बाद उस पर चिंतन-मनन की आदत डालें। केवल अक्षर ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है। छात्रों को अपने मित्रों और शिक्षकों के साथ पाठ्यक्रम के विषयों पर चर्चा करनी चाहिए।

कक्षा 10वीं (हाई स्कूल) संशोधित टाइम टेबल 2026

  • ​13 फरवरी 2026 (शुक्रवार): उर्दू
  • ​14 फरवरी 2026 (शनिवार): NSQF (समस्त विषय) एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)
  • ​17 फरवरी 2026 (मंगलवार): अंग्रेजी
  • ​19 फरवरी 2026 (गुरुवार): संस्कृत
  • ​20 फरवरी 2026 (शुक्रवार): मराठी, गुजराती, पंजाबी, सिंधी (केवल मूक-बधिर/दृष्टिहीन छात्रों के लिए – पेंटिंग, गायन वादन, तबला, कंप्यूटर)
  • ​24 फरवरी 2026 (मंगलवार): गणित (Standard/Basic)
  • ​27 फरवरी 2026 (शुक्रवार): विज्ञान
  • ​2 मार्च 2026 (सोमवार): सामाजिक विज्ञान
  • ​6 मार्च 2026 (शुक्रवार): हिन्दी (संशोधित तारीख)

​कक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) संशोधित टाइम टेबल 2026

  • ​10 फरवरी 2026 (मंगलवार): अंग्रेजी
  • ​13 फरवरी 2026 (शुक्रवार): भौतिक शास्त्र (Physics), अर्थशास्त्र (Economics), पशुपालन दुग्ध व्यवसाय एवं मत्स्य पालन, विज्ञान के तत्व, भारतीय कला का इतिहास
  • ​14 फरवरी 2026 (शनिवार): बायोटेक्नोलॉजी, गायन वादन, तबला पखावज
  • ​16 फरवरी 2026 (सोमवार): संस्कृत
  • ​17 फरवरी 2026 (मंगलवार): ड्राइंग एंड डिजाइनिंग
  • ​18 फरवरी 2026 (बुधवार): रसायन शास्त्र (Chemistry), इतिहास, व्यवसाय अध्ययन (Business Studies), गृह प्रबंध पोषण एवं वस्त्र विज्ञान, ड्राइंग एंड पेंटिंग
  • ​19 फरवरी 2026 (गुरुवार): मनोविज्ञान (Psychology)
  • ​20 फरवरी 2026 (शुक्रवार): NSQF (समस्त विषय), शारीरिक शिक्षा
  • ​21 फरवरी 2026 (शनिवार): कृषि (Agriculture), होम साइंस (कला समूह), एकाउंटेंसी (Accountancy)
  • ​23 फरवरी 2026 (सोमवार): जीव विज्ञान (Biology)
  • ​25 फरवरी 2026 (बुधवार): गणित (Mathematics)
  • ​26 फरवरी 2026 (गुरुवार): राजनीति शास्त्र (Political Science)
  • ​27 फरवरी 2026 (शुक्रवार): इन्फॉरमेटिक प्रैक्टिसेस (IP)
  • ​2 मार्च 2026 (सोमवार): समाजशास्त्र (Sociology)
  • ​5 मार्च 2026 (गुरुवार): भूगोल, क्रॉप प्रोडक्शन एंड हॉर्टिकल्चर, शरीर रचना क्रिया विज्ञान एवं स्वास्थ्य
  • ​6 मार्च 2026 (शुक्रवार): उर्दू, मराठी (संशोधित तारीख)
  • ​7 मार्च 2026 (शनिवार): हिन्दी (संशोधित तारीख)
Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews