CM शिवराज का बड़ा फैसला, ‘दूसरे राज्यों में फंसे मप्र के मजदूरों को वापस लाएगी सरकार’

CM शिवराज का बड़ा फैसला, ‘दूसरे राज्यों में फंसे मप्र के मजदूरों को वापस लाएगी सरकार’

भोपाल| लॉक डाउन के कारण अन्य राज्यों में फंसे मजदूरों के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है| सरकार सभी मजदूरों को मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) वापस लाएगी| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) ने कहा है कि अन्य राज्यों से मजदूर प्रदेश वापस लाने के लिए उत्तरप्रदेश, राजस्थान, गुजरात एवं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्रियों से चर्चा की है। उन्होंने अपने राज्य की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। सीएम ने कहा है कि इसके लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

सीएम ने कहा अन्य प्रदेशों में फंसे व्यक्तियों को लाने के लिए उनके परिवारजनों को मध्यप्रदेश से जाने की अनुमति दी जाएगी। इसी के साथ मध्यप्रदेश में अन्य राज्यों के फंसे हुए मजदूरों को भी उनके प्रदेशों में जाने की अनुमति प्रदान की जाएगी। इसके लिए वे स्वयं के साधनों अथवा उनकी राज्य सरकारों द्वारा उपलब्ध कराए गए साधनों का प्रयोग कर सकेंगे। मध्यप्रदेश में ही एक जिले के दूसरे जिले में फंसे मजदूर भी अपने जिलों को लौट सकेंगे। इस संबंध में‍ अधिकारियों को निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

सीएम शिवराज (CM Shivraj) ने बताया कि यह कार्य पूरी सावधानी से सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन करते हुए किया जाएगा। राज्य तथा जिलों की सीमाओं पर स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य परीक्षण की अच्छी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी संक्रमित क्षेत्रों तथा इंदौर जिले से किसी भी मजदूर को आने-जाने की अनुमति नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस संबंध में सभी व्यवस्थाएं करें जिससे कि मजदूरों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews