MP News : सीएम शिवराज ने दिवाली पर ली संकल्प बैठक, मंत्रियों अधिकारियों को दिलाए ये संकल्प

MP News : सीएम शिवराज ने दिवाली पर ली संकल्प बैठक, मंत्रियों अधिकारियों को दिलाए ये संकल्प

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chouhan) ने दीपावली (Diwali 2022) पर संकल्प बैठक (Sankalp baithak) बुलाई है। इसमें प्रदेश के सभी मंत्री, सभी विभागों के प्रमुख सचिव और संचालक, समस्त संभाग आयुक्त और आईजी, प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर, एसपी सहित जिला प्रशासन वर्चुअली शामिल हुए। इस अवसर पर सीएम ने सभी को दीपावली संकल्प दिलाए।

Diwali 2022: जानिये आज शाम लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त और विधि

राम राज की कल्पना

सीएम शिवराज ने कहा कि रामराज हमारा आदर्श है ‘दैहिक दैविक भौतिक तापा। राम राज नहिं काहुहि ब्यापा।’ हमारी कल्पना है राम राज की जहां दैहिक, दैविक और भौतिक रूप से हम विकास करें, जनता को सारी सुविधाएं मिले यही हमारा प्रयास है। उन्होने कहा कि हम बहुत अच्छा कर रहे हैं। मध्य प्रदेश की मौजूदा विकास दर 95.76 प्रतिशत है। भारत की अर्थव्यवस्था में हमारा योगदान 4.6 प्रतिशत है। हमारा सकल घरेलू उत्पाद लगभग 200 प्रतिशत बढ़ा। हमारी कुल अर्थव्यवस्था आज साढ़े 11 लाख करोड़ की है। वहीं हमारा केपिटल एक्सपेंडिचर 48 हजार करोड़ से ज्यादा है।

सीएम ने दिलाए ये संकल्प 

इस अवसर पर उन्होने कहा कि सीएम जनसेवा अभियान में 68 लाख नए लोग हम जोड़ चुके हैं। ये संख्या 75न लाख तक जाएगी। उन्होने कहा कि उस अभियान में पात्र लाभार्थियों को जोड़ा है और हमें पहला संकल्प लेना है कि इस अभियान के दौरान एक भी पात्र व्यक्ति छूट न जाए। कोई भी व्यक्ति दफ्तरों के चक्कर न लगाए, बल्कि सरकार उसके द्वार पर सुविधाएं देने जाए। उन्होने कहा कि हम सब जनसेवक हैं और हमें 31 अक्टूबर तक सभी पा्त्र व्यक्तियों को जोड़ना है।

सीएम ने कहा कि हमने व्यवस्थाओं में परिवर्तन कर भ्रष्टाचार को खत्म करने के कई प्रयत्न किए हैं। लेकिन फिर भी अक्सर कुछ शिकायतें मिलती रहती है। उन्होने सभी कलेक्टर, कमिश्नर, आईजी, एसपी, विभागीय अधिकारियों और तमाम मौजूद लोगों को कहा कि हमें मिलकर ये संकल्प लेना है कि भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करेंगे। समय पर विभागीय सुविधाओं का लाभ देंगे और भ्रष्टाचार को समूल समाप्त करेंगे। गुड गवर्नेंस हमारा टार्गेट है और हमें इसे हासिल करना है।

तीसरी बात उन्होने कही कि विकास के काम समय पर पूर्ण हो और गुणवत्ता के साथ पूरी हो। इसके लिए कलेक्टर समय समय पर समीक्षा करें और विकास के कार्य बिल्कुल भी लंबित न हों। उन्होने कहा कि एक नवंबर से मध्यप्रदेश स्थापना दिवस सप्ताह के दौरान जितने कार्यक्रम होने हैं, उसमें सभी अधिकारी और मंत्री पूर्ण गंभीरता और उत्साह से सहयोग करें।

दीपावली संकल्प में सीएम ने कहा कि राशन वितरण में कुछ शिकायतें आती हैं, उसे दूर करना है। जमीन के पट्टे को लेकर मुख्यमंत्री भू आवासीय अधिकार योजना का क्रियान्वयन प्रारंभ करना है। इसे समारोहपूर्वक शुरू करेंगे। हर परिवार के पास रहने की जमीन होगी, ये संकल्प पूरा करना है। दीपावली के बाद इसका अभियान चलेगा। आयुष्मान भारत के  कार्ड व्यापक पैमाने पर बने और लाभ दिया जाना सुनिश्चित करें। इसके साथ मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना अंतर्गत जिन बच्चों की फीस भरी जा रही है, मध्यप्रदेश दिवस कार्यक्रम के दौरान सातवें दिन उन सभी बच्चों से जुड़ेंगे और बात करेंगे। 7 नवंबर को ऐसे विद्यार्थियों के साथ संवाद किया जाएगा। पुलिस को बधाई देते हुए सीएम ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान को और आगे बढ़ाना है। ये अभियान लगातार जारी रखना है और प्रदेश को पूर्ण रूप से नशे से मुक्त बनाना है।

रोजगार दिवस को सभी विभाग गंभीरता से लें और रोजगार के तमाम अवसर मुहैया कराने का संकल्प लें। खाद वितरण ठीक तरीक से हो। सिंचाई की योजनाओं में गुणवत्ता का ध्यान रखें। सीएम ने कहा कि आगामी समय में कुछ बड़े आयोजन होना है। इंदौर में प्रवासी भारतीय सम्मेलन होना है जिसमें महामहिम राष्ट्रपति तथा प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल होंगे। हमें मध्यप्रदेश की ब्रांडिंग करनी है और अपनी बेहतर छवि प्रस्तुत करनी है। इन्वेस्टर्स समिट होना है जिसके लिए सारी तैयारियां करनी है। इस तरह सीएम ने आज संकल्प दिवस पर कई तरह के संकल्प दिलाए जिससे प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जा सके।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews