MP News : पीएम मोदी ने किया रानी कमलापति रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, मिलेंगी ये सुविधाएं

पीएम मोदी

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने सोमवार को राजधानी भोपाल में वर्ल्ड-क्लास रेलवे स्टेशन का लोकार्पण किया। इसका नाम भोपाल की रानी कमलापति (Rani Kamlapati Railway Station) के नाम पर रखा गया है। सीएम शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chouhan) ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के साथ मध्यप्रदेश को अनेक सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।

रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के रूप में प्रधानमंत्री ने देश का पहला ISO सर्टिफाइड, देश का पहला पीपीपी मॉडल आधारित रेलवे स्टेशन देश को समर्पित किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जो सुविधाएं कभी एयरपोर्ट में मिला करती थी आज वो रेलवे स्टेशन में मिल रही हैं। सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत पुनर्विकसित स्टेशन को अत्याधुनिक विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ पर्यावरण-अनुकूल इमारत के रूप में डिजाइन किया गया है। रानी कमलापति स्टेशन में भारतीय रेलवे का पहला सेंट्रल कॉनकोर्स बनाया गया है, जहां सैकड़ों लोग एक साथ बैठकर ट्रेन का इंतजार कर सकते हैं। सभी प्लेटफॉर्म इस कॉनकोर्स से जुड़े हैं। इसलिए यात्रियों को अनावश्यक भागदौड़ करने की जरूरत नहीं होगी।

रानी कमलापति रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन भोपाल के लिए, मध्यप्रदेश के लिए और पूरे देश के लिए गौरवपूर्ण इतिहास और वैभवशाली भविष्य के संगम का दिन है।भारतीय रेलवे का भविष्य कितना आधुनिक और उज्जवल है इसका प्रतिबिंब भोपाल के इस भव्य रेलवे स्टेशन में जो भी आएगा उसे दिखाई देगा। उन्होने कहा कि आज का भारत, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण के लिए रिकॉर्ड इन्वेस्टमेंट तो कर ही रहा है, यह भी सुनिश्चित कर रहा है कि प्रोजेक्ट्स में देरी ना हो, किसी तरह की बाधा ना आए। पीएम गतिशक्ति नेशनल मास्टर प्लान, इसी संकल्प की सिद्धि में देश की मदद करेगा। सीएम शिवराज ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताते हुए कहा कि “ये मोदी विजन ही जिससे देश बदल रहा है। रेलवे स्टेशन बदल रहे हैं। आज मोदी विजन दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। रेलवे को अनेकों सौगात देने के लिए मैं प्रधानमंत्री जी का अभिनंदन करता हूं।”

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews