मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र जब से शुरू हुआ है कांग्रेस अपनी रणनीति के तहत चरणबद्ध तरीके से सरकार को घेरने का प्रयास कर रही है, इस बार कांग्रेस ने विरोध का नया तरीका अपनाया है, भाजपा सरकार पर अलग अलग मुद्दों पर आरोप लगाते हुए उसके हिसाब से प्रतीकों के साथ कांग्रेस विधानसभा में प्रदर्शन कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में आज एक बार फिर कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया, विधायक पुलिस की ड्रेस जैसी दिखने वाली खाकी वर्दी पहने हुए थे, आज का मुद्दा पुलिस आरक्षक भर्ती घोटाला था, कांग्रेस का कहना है कि MP पुलिस भर्ती में बड़ा फर्जीवाड़ा हुआ है।
उमंग सिंघार का आरोप, ये घोटाला व्यापम पार्ट 2 है
उमंग सिंघार ने कहा, इन परीक्षा में असली उम्मीदवारों की जगह नकली सॉल्वर परीक्षा दे रहे थे। जांच में फोटो, सिग्नेचर, हैंडराइटिंग और फिंगरप्रिंट मेल नहीं खा रहे, फर्जी आधार कार्ड के ज़रिए 7411 पदों की भर्ती में खुला खेल जारी है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार अपने इस घोटाले के बाद भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार को संरक्षण देकर युवाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है। ये घोटाला व्यापम पार्ट 2 है और इसकी निष्पक्ष न्यायिक जांच कर दोषियों को सजा दी जानी चाहिए।
सरकार पर फर्जी पुलिस आरक्षक बनाने का आरोप
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा मुख्यमंत्री जो गृहमंत्री भी हैं उनके विभाग में घोटाला हो रहा है जो युवा मेहनत कर पढ़ाई कर परीक्षा देते हैं उनका साथ धोखा हो रहा है, लेकिन व्यापम जैसे घोटाला करने वाले लोग जो सरकार में बैठे हैं वो फर्जी कांस्टेबल बनाना चाहते हैं लेकिन कांग्रेस चुप नहीं रहेगी।
