Weather News: मध्य प्रदेश के 11 जिलों में लू चलने की चेतावनी, गर्म हवाएं बढ़ाएंगी परेशानी, 3 जिलों में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना, जानें मौसम का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक इस समय मानसून मुंबई, अहिल्यानगर, आदिलाबाद, भवानीपटना, पुरी, सैंडहेड द्वीप, बालुरघाट से होकर गुज़र रहा है।
MP Weather

मध्य प्रदेश के मौसम (MP weather news) में बदलाव लोगों की परेशानी का सबब बना हुआ है, प्रदेश के अधिकांश हिस्से जहाँ तीखी धूप, तेज गर्मी और लू की परेशानी झेल रहे हैं वहीं कुछ हिस्सों में हो रही छिटपुट बारिश वहां उमस बढ़ा रही है, दिन में तीखी धूप लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं तो शाम को चलने वाली ठंडी हवाएं थोड़ी राहत भी दे रही हैं।

मौसम की आँख मिचोली का क्रम अभी जारी है, हालाँकि अनुमान है कि मानसून 10 जून के बाद मध्य प्रदेश में प्रवेश आकर जायेगा लेकिन इसके पूरे प्रदेश में प्रभावशाली होने में समय लगेगा तब तक गर्मी, तपन और लू के थपेड़े लोगों को परेशान किये हुए हैं, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों का पूर्वानुमान जारी करते हुए 11 जिलों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।

ऐसा रहा पिछले 24 घंटे का हाल   

मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल ने मौसम का बुलेटिन जारी करते हुए पिछले 24 घंटों की जानकारी साझा की है, मौसम विभाग के मुताबिकपिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान जबलपुर, सागर संभागों के जिलों में कल की तुलना में 2.1°C से 2.5°C तक काफी बढ़े एवं शेष सभी संभागों के जिलों के तापमानों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। इसके अलावा ग्वालियर संभाग के जिलों में सामान्य से 1.7°C तक अधिक रहे एवं शेष सभी संभागों के जिलों में सामान्य रहे। वहीं पिछले 24 घंटो में न्यूनतम तापमानों में सभी संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ।

यहाँ चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय

IMD के अपडेट के मुताबिक एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और निकटवर्ती क्षेत्रों में माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। इस चक्रवाती परिसंचरण से एक ट्रफ़ लाइन मध्य प्रदेश और विदर्भ होते हुए तेलंगाना तक माध्य समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर विस्तृत है इसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ रहा है।

यहाँ चलेगी लू और इन जिलों में बारिश के आसार 

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि इस चक्रवातीय परिसंचरण के कारण मध्य प्रदेश के बुरहानपुर, खंडवा और खरगोन जिलों में कहीं कहीं बारिश होगी या फिर गरज चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी, इसके अलावा गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों मौसम विभाग ने लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews