MP में गेहूं खरीदी में अव्यवस्थाओं का आरोप, उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा, कहा “किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है कांग्रेस”

नेता प्रतिपक्ष ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि कई जगह सर्वर डाउन, स्लॉट बुकिंग ठप और तौल प्रक्रिया बाधित होने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तकनीकी गड़बड़ी और अव्यवस्था के कारण किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
Umang Singhar

Umang Singhar

उमंग सिंघार ने गेहूं खरीदी व्यवस्था को लेकर सरकार पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि खरीदी शुरू होने के पहले दिन ही पूरी व्यवस्था धराशायी हो गई और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कहीं स्लॉट नहीं मिल रहे, कहीं पोर्टल काम नहीं कर रहा, तो कहीं तौल तक नहीं हो रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हर साल यही अव्यवस्था और लापरवाही की स्थिति नज़र आती है। उन्होंने पूछा कि किसानों को परेशान करने की ये नीति कब तक चलेगी? इसी के साथ उन्होंने कहा कि जब तक एक-एक दाना खरीदा जाए यह सुनिश्चित नहीं होता, तब तक कांग्रेस पार्टी किसानों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी।

गेंहू खरीदी में अव्यवस्थाओं का आरोप

उमंग सिंघार ने मध्यप्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी व्यवस्था की शुरुआत के पहले ही दिन सिस्टम फेल होने का आरोप लगाते हुए सरकार पर निशाना साधा है। मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से उन्होंने कहा कि खरीदी प्रक्रिया शुरू होते ही कई संभागों में तकनीकी खामियों के कारण पूरी व्यवस्था बाधित हो गई, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में सर्वर डाउन रहने और पोर्टल के ठीक से काम नहीं करने की वजह से स्लॉट बुकिंग प्रभावित हुई। कई स्थानों पर किसानों को घंटों इंतज़ार करना पड़ा लेकिन खरीदी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि कुछ केंद्रों पर स्लॉट बुकिंग पूरी तरह ठप रही जबकि कई जगह तौल और पंजीयन की प्रक्रिया भी समय पर शुरू नहीं हो पाई। इससे किसानों में नाराज़गी देखी गई और उन्हें बार-बार खरीदी केंद्रों के चक्कर लगाने पड़े।

“कांग्रेस किसानों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी”

उमंग सिंघार ने आरोप लगाया है कि इन अव्यवस्थाओं के चलते किसानों को प्रति क्विंटल लगभग 400 रुपये तक का नुकसान झेलना पड़ रहा है और कई किसान सिस्टम की गड़बड़ी के कारण डिफॉल्टर बनने की कगार पर पहुंच गए हैं। नेता प्रतिपक्ष ने इसे सरकार की तैयारियों में गंभीर चूक बताते हुए कहा कि हर साल इसी तरह की समस्याएं सामने आती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर बिलकुल सुधार नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक हर किसान का एक-एक दाना एमएसपी पर खरीद नहीं लिया जाता, कांग्रेस उनकी लड़ाई जारी रखेगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews