MP गेहूं खरीदी : जीतू पटवारी ने पीएम को लिखा पत्र, शिवराज सिंह चौहान के घर के सामने उपवास पर बैठने की चेतावनी

उनका आरोप है कि सरकार बड़े स्तर पर खरीदी के दावे कर रही है लेकिन सच्चाई ये है कि कि गेहूं भरने के लिए राज्य सरकार के पास बोरे ही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल लेकर मंडियों में खुले आसमान के नीचे बैठा है और प्रशासन व्यवस्थाओं का रोना रो रहा है।
MP Congress Jitu Patwari

Jitu Patwari

मध्यप्रदेश में गेहूं खरीद को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार पर अव्यवस्थाओं का आरोप लगा रही है। अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस मुद्दे पर सवाल उठाए हैं। पत्र में उन्होंने कहा है कि यदि मंडियों में गेहूं भंडारण के लिए पर्याप्त बारदाना उपलब्ध नहीं कराया गया तो वे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के भोपाल स्थित निवास के सामने उपवास पर बैठ जाएंगे।

उन्होंने लिखा है कि “मैं यह पत्र मध्यप्रदेश के लाखों अन्नदाताओं की गहरी पीड़ा और आक्रोश को आप तक पहुँचाने के लिए लिख रहा हूँ, जो आपकी ‘डबल इंजन’ सरकार की आपसी खींचतान और कुप्रबंधन के कारण खून के आँसू रोने को मजबूर हैं।” इस तरह उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर एक साथ निशाना साधा है।

जीतू पटवारी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

जीतू पटवारी ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर मध्यप्रदेश की मंडियों में बारदाने की कमी का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बड़े पैमाने पर गेहूं खरीदी के दावे कर रही है लेकिन जमीनी स्तर पर किसानों को अपनी उपज रखने के लिए बोरे तक उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। उनके मुताबिक, किसान मंडियों में खुले में इंतजार करने को मजबूर हैं और व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित नजर आ रही है। केंद्रीय कृषि मंत्री को घेरते हुए उन्होंने कहा कि “यह स्थिति तब है जब देश के वर्तमान कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। यह कितनी दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि देश के कृषि मंत्री के अपने ही गृह राज्य में किसान एक अदद बोरे के लिए तरस रहे हैं। संसद में जनसंपर्क अधिकारी की तरह केंद्र सरकार की झूठी प्रशंसा कर राष्ट्रीय आलोचना का केंद्र बने केंद्रीय कृषि मंत्री अपने मूल दायित्व को भूल चुके हैं।” उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भी समझ रही है कि वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री जी के बीच चल रही कथित राजनीतिक अदावत और वर्चस्व की लड़ाई की कीमत किसानों को चुकानी पड़ रही है।

शिवराज सिंह चौहान के घर के सामने उपवास पर बैठने की चेतावनी 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अपने पत्र में लिखा है कि प्रदेश में रबी विपणन वर्ष के तहत गेहूं खरीदी के बड़े-बड़े लक्ष्य तय किए गए हैं और सरकार इसकी तैयारियों के दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्थिति इसके विपरीत है। उन्होंने इसे मध्यप्रदेश के किसानों के साथ छलावा करार देते हुए कहा है कि बीजेपी लगातार अपने दावों और वादों से मुकर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान किसानों से जिस दर से गेहूं खरीदने का वादा किया, वो पूरा नहीं किया गया। किसानों को पहले समर्थन मूल्य के नाम पर ठगा गया और अब जो मूल्य तय है उस पर भी उपज खरीदने के लिए सरकार के पास बारदाने उपलब्ध नहीं हैं। जीतू पटवारी ने पीएम मोदी से मांग की है कि केंद्र और राज्य सरकार में समन्वय स्थापित कर मध्यप्रदेश की मंडियों में गेहूं के लिए बारदाने का पर्याप्त प्रबंध करवाएं। इसी के साथ उन्होंने चेतावनी दी है कि उनकी मांग न मानी जाने पर वे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के भोपाल स्थित निवास के सामने उपवास पर बैठेंगे।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews