भोपाल: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर का स्वरूप बदलने जा रहा है। नलखेड़ा में करीब 20 हेक्टेयर जमीन पर भव्य मां बगलामुखी देवी लोक विकसित किया जाएगा। इसके पहले चरण में 85.40 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर परिसर का विस्तार होगा। मुख्य मंदिर का शिखर 108 फीट ऊंचा बनाया जाएगा और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए 220 यज्ञशालाएं तैयार की जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नलखेड़ा पहुंचकर परियोजना के पहले चरण के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सबसे पहले मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमिपूजन कर गैंती चलाकर निर्माण कार्यों की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मां बगलामुखी देवी लोक आस्था और धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनेगा। यहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
ये भी पढ़ें
108 फीट ऊंचा शिखर, चार भव्य प्रवेश द्वार और 220 यज्ञशालाएं
मां बगलामुखी देवी लोक के पहले चरण में मुख्य मंदिर का निर्माण 2,800 वर्गमीटर क्षेत्र में किया जाएगा। इसमें गर्भगृह और मंदिर की ऊपरी संरचना के निर्माण के साथ पत्थरों से सजावट का काम भी होगा। धार्मिक अनुष्ठानों और वैदिक यज्ञों के लिए 220 यज्ञशालाएं बनाई जाएंगी। इसके अलावा 625 वर्गमीटर क्षेत्र में गौशाला का निर्माण भी प्रस्तावित है।
श्रद्धालुओं के दर्शन और आवाजाही को आसान बनाने के लिए मंदिर कॉरिडोर और प्रांगण विकसित किया जाएगा। परिसर में चार भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। साथ ही चारपहिया वाहनों और बसों के लिए पार्किंग, शौचालय, वीवीआईपी भवन और सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण होगा। पूरे परिसर में हरियाली और उद्यान विकसित करने के साथ आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। बिजली, पानी, अग्निशमन और दूसरी जरूरी सुविधाओं पर भी काम होगा।
लखुंदर नदी पर बनेंगे घाट, सड़क और पुल से आसान होगी यात्रा
देवी लोक के निर्माण के साथ नलखेड़ा तक पहुंचने वाले रास्तों को भी बेहतर बनाया जाएगा। सीएम डॉ. मोहन यादव ने बताया कि लखुंदर नदी के किनारे सुंदर और भव्य घाट बनाए जाएंगे। मंदिर परिसर और पार्किंग का विस्तार होगा, जबकि श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए धर्मशालाओं में सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नलखेड़ा आने वाले रास्ते में पुलिया और सड़क को जरूरत के अनुसार चौड़ा किया जाएगा। आमला से नलखेड़ा तक 55 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से करीब 14 किलोमीटर लंबा नया बायपास बनाया जा रहा है। इसके अलावा लखुंदर नदी पर 13.77 करोड़ रुपये की लागत से नया उच्चस्तरीय पुल भी बनाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान हो सकेगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी बेहतर करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
महाकाल लोक की तर्ज पर धार्मिक स्थलों का विकास कर रही सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उज्जैन में श्रीमहाकाल लोक के लोकार्पण के बाद मालवा क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है। अब इसी दिशा में मां बगलामुखी देवी लोक के निर्माण को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने प्रदेश के 14 से ज्यादा धार्मिक स्थलों को दिव्य लोक के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है। इनमें ओरछा, उज्जैन का महाकाल लोक, ओंकारेश्वर का एकात्म धाम और चित्रकूट जैसे धार्मिक स्थल शामिल हैं। उन्होंने बाबा बैजनाथ धाम के विकास का भी जिक्र किया और कहा कि मां बगलामुखी का धाम भी भव्य रूप में विकसित होगा।
सोयाबीन किसानों को करीब 7 हजार रुपये प्रति क्विंटल दाम मिलने की बात कही
धार्मिक पर्यटन और विकास कार्यों के अलावा मुख्यमंत्री ने किसानों को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि इस साल अच्छी बारिश होने से सोयाबीन की फसल बेहतर हुई है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस वर्ष किसानों को सोयाबीन की उपज पर लगभग 7 हजार रुपये प्रति क्विंटल का दाम मिलेगा। कार्यक्रम में आगर मालवा जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, विधायक भैरव सिंह बापू और पूर्व विधायक राणा विक्रम सिंह भी मौजूद रहे।
