भोपाल की बहुमंजिला इमारत में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, 1 घंटे में पाया जा सका काबू

भोपाल की बहुमंजिला इमारत में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, 1 घंटे में पाया जा सका काबू

Bhopal News: भोपाल के शाहपुरा की एक बहुमंजिला इमारत में आज दोपहर शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। आगजनी की इस घटना में गार्ड की गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई थी और राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया था। दोपहर का समय होने के चलते यहां पर गाड़ियों की संख्या ज्यादा नहीं थी जिसके चलते बड़ा हादसा होने से टल गया। सभी लोग अपने कार्यालय या अन्य स्थानों की ओर जा चुके थे। अगर ज्यादा वाहन यहां मौजूद होते तो बड़ी घटना की संभावना थी।

जानकारी के मुताबिक शाहपुरा की मिनाल एनक्लेव नामक 4 मंजिला बिल्डिंग में ये आग लगी। इस इमारत में लगभग डेढ़ सौ लोग रहते हैं और बेसमेंट में पार्किंग समेत चार सर्वेंट क्वार्टर बने हुए हैं। इन्हीं में से एक कमरे में गार्ड अपने पूरे परिवार के साथ रहता है। दोपहर 1:40 के करीब शाहपुरा थाने पर आग लगने की सूचना दी गई जिसके बाद कोलार फायर स्टेशन से दमकल को मौके पर भेजा गया। करीब 1 घंटे में इस आग पर काबू पाया गया।

मल्टी के गार्ड का कहना है कि दोपहर 1 बजे के लगभग बिजली गुल हो गई थी और जब आधे घंटे बाद वापस आई तो अचानक बढ़े लोड की वजह से शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट के चलते कमरे में आग लग गई। वहां कोई मौजूद नहीं था इसलिए जब धुआं उठता दिखाई दिया तब घटना की जानकारी लगी। आग लगने की वजह से कमरे में बच्चों की अंकसूची और जो अन्य दस्तावेज रखे थे वह जलकर खाक हो गए हैं। इस कमरे में 2 सिलेंडर भी रखे हुए थे, जिसमें से एक भरा हुआ था। अगर इस में आग लग जाती तो बड़ी घटना हो सकती थी। आगजनी की इस घटना में कितना नुकसान हुआ है फिलहाल इस बारे में जानकारी नहीं मिली है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews