सीधी में पत्रकारों को अर्धनग्न करने का मामला- DGP और IG रीवा को नोटिस जारी

सीधी में पत्रकारों को अर्धनग्न करने का मामला- DGP और IG रीवा को नोटिस जारी

सीधी, डेस्क रिपोर्ट।  सीधी जिला मुख्यालय की कोतवाली थाना पुलिस ने आठ युवकों के न केवल कपड़े उतरवाए, बल्कि उनके अर्धनग्न फोटो सोशल मीडिया पर वायरल भी करवा दिए। मामला सीधी के स्थानीय विधायक और उनके बेटे के खिलाफ सोशल मीडिया पर खबर प्रसारित करने से जुड़ा था। पुलिस ने पहले रंगकर्मी श्री नीरज कुंदेर को गिरफ्तार किया, तो उनके समर्थन में कुछ और युवक थाने पहुंच गए। लेकिन पुलिस ने उन सभी को हिरासत में लेकर उनका अर्धनग्न अवस्था का फोटो खींचा और वायरल भी कर दिया।

यह भी पढ़ें… कोरोना के नये वेरिएंट से फिलहाल मध्यप्रदेश सुरक्षित- नहीं कोई केस

मामले की शिकायत राजधानी (भोपाल) पहुंचने पर सीधी कोतवाली थाने के टीआई श्री मनोज सोनी एवं एसआई अभिषेक सिंह को लाइन अटैच कर दिया गया है और मामले की जांच एडिशनल एसपी, सीधी को सौंप दी गई है। घटना बीते शनिवार (दो अप्रैल 2022) की है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार जैन ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मध्यप्रदेश और पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रीवा से एक सप्ताह में जवाब मांगा है। गौरतलब है कि इस घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वायरल हो रही आपत्तिजनक फोटो पर संज्ञान लिया था । उन्होंने भोपाल पुलिस मुख्यालय से इस घटना में न केवल स्पष्टीकरण मांगा है बल्कि दोषी पुलिसकर्मियों के व्यवहार पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं। जानकारी में यह भी बताया जा रहा है कि पत्रकारों के साथ हुए दुर्व्यवहार के लिए जिम्मेदार आरक्षक और निरीक्षक को निलंबित कर लाइन अटैच करने के निर्देश दे दिए गए हैं।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews