शिवराज के ये मंत्री करेंगे PM Modi की अगवानी, “Minister In Waiting” की लिस्ट जारी

शिवराज के ये मंत्री करेंगे PM Modi की अगवानी, “Minister In Waiting” की लिस्ट जारी

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। काशी विश्वनाथ के बाद बाबा भोलेनाथ के भक्तों को PM Modi एक और तोहफा देने जा रहे हैं।  ये है बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में बन रहा “श्री महाकाल लोक” (Shri Mahakal Lok), प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल मंगलवार 11 अक्टूबर 2022 को इसका लोकार्पण करेंगे। राज्य सरकार ने कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं, स्वागत, अगवानी, सुरक्षा व्यवस्था, मंदिर में पूजन से लेकर पीएम की विदाई तक का मिनिट टू मिनिट कार्यक्रम तैयार हो चुका है। सरकार ने “मिनिस्टर इन वेटिंग” की लिस्ट भी जारी कर दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के उज्जैन आ रहे हैं, वे यहाँ 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक मात्र दक्षिण मुखी ज्योतिर्लिंग बाबा महाकाल मंदिर में “श्री महाकाल लोक” (Baba Mahakaleshwar temple Ujjain) का लोकार्पण करेंगे।  मध्य प्रदेश और बाबा भोलेनाथ के भक्तों के लिए ये क्षण बहुत अद्भुत और गरिमामयी होगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर उनकी सरकार एवं उज्जैन जिला प्रशासन कार्यक्रम को अंतिम रूप देने में जुटा है, कौन, कब कहाँ, कैसे , क्या इन सभी सवालों को आधिकारिक जवाबों के साथ उन्हें कागजों पर उतारा जा रहा है।  जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री बाबा महाकाल के गर्भ गृह में पूजन करेंगे, वे 40 मिनट तक मंदिर में रहेंगे और नंदी मंडपम में ध्यान लगाएंगे।

सरकार ने प्रधानमंत्री के स्वागत, सत्कार और विदाई के लिए अपने चार मंत्रियों को जिम्मेदारी दी है। सरकार द्वारा जारी लिस्ट के अनुसार इंदौर एयरपोर्ट पर गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा, उज्जैन हेलीपैड पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह, श्री महाकाल मंदिर में संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री उषा ठाकुर और सभा स्थल पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव प्रधानमंत्री की अगवानी, सत्कार और विदाई की जिम्मेदारी संभालेंगे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews