भोपाल में एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले को लेकर लगातार कोई ना कोई अपडेट सामने आ रहा है। शुक्रवार को इस मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह ने जबलपुर जिला कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। यहां भोपाल पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और आगे की कार्रवाई शुरू की।
इस मामले को लेकर अब SIT हेड और एसीपी रजनीश कश्यप का बयान सामने आया है। उन्होंने यह बताया है कि समर्थ सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और दोपहर में कोर्ट में पेश किया जाएगा। जब मीडिया ने सवाल किया कि समर्थ की रिमांड को लेकर क्या किया जा रहा है तब उन्होंने कोर्ट से ज्यादा से ज्यादा दिनों की रिमांड मांगने की बात कही।
ACP का क्या कहना
इस मामले में एसीपी रजनीश कश्यप को मीडिया से बात करते हुए देखा गया। उन्होंने बताया कि समर्थ सिंह को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया है। जब उनसे पूछा गया कि कोर्ट में पेशी कब रखी गई है तो उन्होंने कहा कि फिलहाल हम प्रोसीजर कंप्लीट कर रहे हैं वह जैसे ही पूरा हो जाता है समर्थ को कोर्ट में पेश किया जाएगा। कश्यप ने यह साफ किया है कि यह पेशी आज ही होने वाली है। जब उनसे रिमांड के बारे में पूछा गया तो वह कहते नजर आए कि हम फिलहाल 7 दिनों की रिमांड की मांग करने वाले हैं। उसके बाद जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है जरूरत पड़ी तो कोर्ट से ज्यादा से ज्यादा दिनों की रिमांड मांगी जाएगी। एसीपी यह कहते दिखाई दिए कि आप लोगों को जितने भी सवाल करने को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछ सकते हैं।
जबलपुर से भोपाल लाई थी पुलिस
बता दें जबलपुर में समर्थ को गिरफ्तार करने के बाद भोपाल पुलिस उसे लेकर राजधानी के लिए रवाना हो गई थी। यह सब कुछ बहुत गोपनीयता के साथ किया गया क्योंकि पुलिस नहीं चाहती थी कि इस मामले में किसी भी तरह की बाधा उत्पन्न हो। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समर्थ को गिरफ्तार किया। जबलपुर जिला कोर्ट परिसर में उसके कपड़े भी बदलवाए गए ताकि पहचान छुपाई जा सके।
वकील का क्या कहना
इस मामले में ट्विशा शर्मा के वकील अनुराग श्रीवास्तव को कुछ गंभीर आरोप लगाते हुए देखा गया। उन्होंने बताया कि समर्थ के खिलाफ पहले ही लुक आउट नोटिस जारी हो चुका था और 30000 रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था। इन सब के बावजूद कोर्ट परिसर में उसे वीआईपी ट्रीटमेंट मिल रहा था। वह खुलेआम मास्क लगाकर घूम रहा था।
दूसरे पोस्टमार्टम का आदेश
ट्विशा शर्मा मौत के मामले में दिल्ली एम्स से बड़ी जानकारी सामने आई है। जिसके मुताबिक अदालत ने ट्विशा की बॉडी का दूसरा पोस्टमार्टम करने के आदेश दे दिए हैं। एम्स दिल्ली के फॉरेंसिक विभाग प्रमुख क्या कहना है कि फिलहाल उन्हें मीडिया रिपोर्ट से ऐसा आदेश मिलने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि जैसे ही एम्स दिल्ली को आधिकारिक आदेश प्राप्त होगा प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।






