उमा भारती ने नर्मदा नदी पर क्रूज परियोजना का किया विरोध, कहा ‘मुख्यमंत्री से बात करूंगी’

भाजपा की वरिष्ठ नेता ने क्रूज परियोजना पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि नर्मदा जी तो परिक्रमा की नदी हैं, उनकी परिक्रमा होती है, उनके तट पर निवास होता है किंतु नर्मदा जी की धारा की पवित्रता से छेड़खानी नहीं हो सकती है। योजना का विरोध करते हुए उन्होंने इस मुद्दे को ऊपर तक उठाने की बात कही है। ​
Uma Bharti

Uma Bharti

Uma Bharti Opposes Narmada River Cruise Project : बीजेपी की फायरब्रांड नेता उमा भारती ने नर्मदा नदी में प्रस्तावित क्रूज परियोजना पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि नर्मदा नदी में क्रूजिंग की योजना से नदी की पवित्रता को ठेस पहुंच सकती है। इसी के साथ उन्होंने कहा कि वो इस बारे में मुख्यमंत्री मोहन यादव से बात करेंगीं।

उमा भारती ने अपने पोस्ट में लिखा कि उन्होंने एक समाचार पत्र में नर्मदा नदी में महेश्वर, बड़वानी आदि स्थानों पर क्रूजिंग शुरू करने की खबर पढ़ी, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि तीन साल पहले भी इस तरह का प्रस्ताव आया था, जिसे रोक दिया गया था। लेकिन अब अगर फिर इसे शुरु किया जाता है तो वे इसका विरोध करेंगीं।

उमा भारती ने नर्मदा नदी पर क्रूज परियोजना का विरोध किया

वरिष्ठ बीजेपी नेता उमा भारती ने मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा कि आज मैंने एक प्रतिष्ठित समाचार पत्र में नर्मदा जी में क्रूजिंग की बात पढ़ी है जो महेश्वर, बडवानी इत्यादि जगहों पर होगी। उन्होंने लिखा कि ‘इसकी टेंडर होने की प्रक्रिया हो गई है। तीन साल पहले भी जब यह बात आई थी तब रोक दी गई थी। नर्मदा जी के दोनों ओर परिक्रमा मार्ग है, नर्मदा जी की परिक्रमा होती है। क्रूजिंग में खाने-पीने इत्यादि की सब प्रकार की गतिविधियां होंगी। गंगा जी में बंगाल से लेकर प्रयाग तक सदियों से यातायात हुआ है किंतु नर्मदा जी में कभी क्रूजिंग हुई हो इसकी जानकारी मुझे नहीं है। नर्मदा जी तो परिक्रमा की नदी हैं, उनकी परिक्रमा होती है, उनके तट पर निवास होता है किंतु नर्मदा जी की धारा की पवित्रता से छेड़खानी नहीं हो सकती। मैं इसके बारे में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री जी से बात करूंगी’

मध्यप्रदेश और गुजरात सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना

बता दें कि नर्मदा नदी पर क्रूज़ योजना मध्यप्रदेश और गुजरात सरकारों द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रस्तावित महत्वाकांक्षी परियोजना है। यह योजना मध्यप्रदेश के सरदार सरोवर बांध के मेघनाद घाट से गुजरात के स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक 135 किलोमीटर के जलमार्ग पर क्रूज़ संचालित करने की है। कुछ समय पहले मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा इस परियोजना के लिए निविदाएं भी जारी की जा चुकी हैं। इस योजनांतर्गत बड़वानी, अंजड़ और धरमपुरी में छोटे स्टेशन बनाने की योजना है, जो मुख्य स्टेशन मेघनाद घाट से जुड़ेंगे। साथ ही, नर्मदा नदी के किनारे रिसॉर्ट्स के निर्माण की तैयारी भी चल रही है जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मध्यप्रदेश और गुजरात सरकारें इस परियोजना में संयुक्त रूप से दो-दो क्रूज़ संचालित करने की योजना बना रही हैं। लेकिन अब उमा भारती ने इसपर कड़ा ऐतराज जताया है और कहा है कि वे इसे लेकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री से बात करेंगीं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews