मध्य प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार पर उज्जैन में एयरपोर्ट की जमीन अधिग्रहण को लेकर सवाल उठाये हैं और करीब 200 करोड़ के घोटाले के आरोप लगाये हैं, उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव पर सीधा निशाना साधा है वहीं सिंघार ने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाये जाने पर भाजपा को घेरा है  और उनकी उम्मीदवारी को प्रदेश की जनता का अपमान बताया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार पर 200 करोड़ रुपये के जमीन घोटाले के आरोप लगाये हैं , नेता प्रतिपक्ष ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सीएम पर निशाना साधा है और चहेतों को उपकृत करने के आरोप लगाये हैं।

सिंघार ने X पर लिखा- मध्यप्रदेश में घोटालों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। अब बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में भी भाजपा के भ्रष्टाचार का खेल हुआ है, उज्जैन एयरपोर्ट के स्वीकृत नक्शे से बाहर 100 बीघा अतिरिक्त जमीन अधिग्रहण की सूची में शामिल की गई। अपने चहेतों को 4 गुना मुआवजा दिलाने के लिए यह खेल रचा गया। AAI और प्रशासन के नक्शों को लेकर विरोधाभासी दावे आखिर किसकी पोल खोल रहे हैं?

सिंघार ने मुख्यमंत्री से किये ये सवाल 

उन्होंने कहा मुख्यमंत्री मोहन यादव जी, उज्जैन आपका गृह क्षेत्र है। बताइए, एयरपोर्ट के नाम पर फर्जी KML फाइल किसके इशारे पर बनी? कौन है वह चहेता जिसे आप फायदा पहुंचाना चाहते हैं? 200 करोड़  रुपये के इस ज़मीन घोटाले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई कब करेंगे?

पुरी को एमपी का प्रतिनिधि बनाना जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़

कांग्रेस नेता ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा मध्य प्रदेश की खाली हुई राज्यसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार घोषित करने पर भी निशाना साधा है, सिंघार ने X पर लिखा- राज्यसभा का टिकट भाजपा का अंदरूनी मामला हो सकता है, लेकिन एपस्टीन से जुड़े गंभीर सवालों के बीच हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश का प्रतिनिधि बनाना मध्य प्रदेश की जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है, जनता का अपमान है।

उमंग सिंघार ने प्रदेश की जनता से की ये अपील 

सिंघार ने कहा  भाजपा बताए, आखिर मध्य प्रदेश की जनता पर ऐसा व्यक्ति क्यों थोपा जा रहा है, जिसके तार नाबालिग बच्चियों का शोषण करने वाले जेफ्री एपस्टीन से जुड़े हों? प्रदेश की जनता ध्यान रखे कि इंसानियत को शर्मसार करने वाले कुख्यात अपराधी से संबंध रखने वाले हरदीप सिंह पुरी के नामांकन का प्रस्तावक कौन बनता है, समर्थन कौन करता है और उनके नामांकन में कौन-कौन से भाजपा नेता शामिल होते हैं। इन सभी चेहरों को जनता के सामने जवाब देना होगा।