उमंग सिंघार ने इंदौर के एमवाय अस्पताल पर लगाए गंभीर आरोप, कहा ‘सीनियर डॉक्टर्स कर रहे निजी प्रैक्टिस, मरीज़ जूनियर डॉक्टरों के भरोसे’

उन्होंने आरोप लगाया कि सीनियर डॉक्टर नियमों के विरूद्ध जाकर प्राइवेट अस्पतालों में प्रैक्टिस कर रहे हैं और अस्पताल में उनकी जगह जूनियर डॉक्टर ड्यूटी कर रहे हैं। कांग्रेस नेता ने सरकार से इस मामले की जांच करने और दोषी डॉक्टरों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
Umang Singhar Opposition Leader

Umang Singhar

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इंदौर के एमवाय अस्पताल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल से लाखों रुपए वेतन लेने वाले सीनियर डॉक्टर ड्यूटी के समय निजी अस्पतालों में प्रैक्टिस कर रहे हैं और उनकी जगह जूनियर डॉक्टरों से काम करवाया जा रहा है। उन्होंने सरकार से इस मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

कुछ ही दिन पहले एमवाय अस्पताल में दो नवजात शिशुओं के चूहों के काटने के बाद मौत हो गई थी। इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया और इसके बाद अस्पताल प्रशासन और सरकार पर कई सवाल उठने लगे। कांग्रेस ने इस मामले के बाद सरकारी अस्पतालों की लापरवाही और प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर सरकार को जमकर घेरा। अब एक बार फिर विपक्ष इस अस्पताल पर आरोप लगा रहा है।

कांग्रेस ने एमवाय अस्पताल के डॉक्टरों पर उठाए सवाल

उमंग सिंघार ने आरोप लगाया है कि एमवाय अस्पताल में 3 लाख मासिक वेतन लेने वाले सीनियर डॉक्टर निजी अस्पतालों में प्रैक्टिस कर रहे हैं और उनके स्थान पर मरीजों का जिम्मा जूनियर डॉक्टरों को सौंप दिया गया है। उन्होंने सवाल किया कि जब ड्यूटी ऑवर्स में डॉक्टर ही मौजूद नहीं हैं तो मासूमों की मौत का जिम्मेदार कौन है? सीनियर डॉक्टर अपना काम जूनियर डॉक्टरों पर छोड़कर निजी अस्पतालों में मरीज देख रहे हैं।

उमंग सिंघार ने की जांच और कार्रवाई की मांग 

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नियमों के अनुसार सरकारी डॉक्टर का निजी अस्पताल में प्रैक्टिस करना गैरकानूनी है, फिर भी इस तरह की लापरवाही खुलेआम हो रही है। उन्होंने पूछा कि आखिर इन डॉक्टरों को किसका संरक्षण प्राप्त है। कांग्रेस नेता ने मांग की है कि तत्काल इन सभी डॉक्टरों की जांच की जाए और उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि एमवाय अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं सुधर सकें और मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews