भोपाल में फीमेल डॉग को अज्ञात व्यक्ति ने दिया जहर, तीन बच्चों को किया आग के हवाले

भोपाल में फीमेल डॉग को अज्ञात व्यक्ति ने दिया जहर, तीन बच्चों को किया आग के हवाले

Bhopal News: पढ़ी-लिखी और आधुनिक होती दुनिया में आज भी कुछ लोग ऐसे घिनौने काम कर जाते हैं, जिससे मानवता भी शर्मसार हो जाती है। राजधानी भोपाल से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है जो किसी का भी दिल दहला देगा। यहां पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने एक फीमेल डॉग को जहर देकर मार दिया। व्यक्ति की हैवानियत यहीं नहीं रुकी उसने हाल ही में जन्मे डॉग के बच्चों को भी आग लगाकर मार डाला। जिस किसी के संज्ञान में यह मामला आया वह यह सुनकर सिहर उठा कि कोई व्यक्ति इस तरह की हरकत भी कर सकता है।

यह मामला राजधानी के पांच नंबर स्थित चिनार पार्क का है। यहां पर एक फीमेल डॉग ने कुछ बच्चों को जन्म दिया था। किसी अज्ञात व्यक्ति को यह रास नहीं आया और उसने पशु क्रूरता की इस घटना को अंजाम दिया। कुछ पशु प्रेमियों को क्षेत्र के लोगों ने जानकारी देते हुए बताया कि यहां पर किसी ने डॉग के बच्चों को जला दिया है। इसके बाद पशु प्रेमी मौके पर पहुंचे और पूरा मामला सामने आया।

मामले की सूचना पर पशु प्रेमी जब मौके पर पहुंचे तो यहां एक गड्ढे में डॉग के तीन बच्चे जली हुई अवस्था में पड़े थे। एक बच्चा इतनी बुरी तरह जल गया था कि उसके शरीर के अंदर की हड्डियां नजर आने लगी थी। अन्य दो बच्चे भी बुरी तरह झुलसे हुए थे। जब इन्हें बाहर निकाल कर देखा गया तो इनकी मौत हो चुकी थी। पहले देखने पर ऐसा लगा कि किसी ने आग जलाई होगी और खेलते हुए यह बच्चे इसमें जल गए होंगे। लेकिन जब कुछ दूरी पर इनकी मां भी मृत अवस्था में मिली तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।

बच्चों से कुछ ही दूरी पर फीमेल डॉग का शव मिला जो पूरी तरीके से नीला पड़ चुका था। पशु प्रेमियों का कहना है कि इसे जहर देकर मारा गया है। हैवानियत की इस घटना को किस व्यक्ति ने अंजाम दिया है फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews