‘न तो लालू का बेटा सीएम बनेगा, न ही सोनिया गांधी का बेटा पीएम’, अमित शाह का वंशवादी राजनीति पर हमला

लालू राज की ‘जंगलराज’ को याद दिलाते हुए शाह ने कहा कि लालू जी सड़कें इसलिए नहीं बनवाते थे ताकि पुलिस अपराधियों तक न पहुंच सके।
‘न तो लालू का बेटा सीएम बनेगा, न ही सोनिया गांधी का बेटा पीएम’, अमित शाह का वंशवादी राजनीति पर हमला

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को मोतिहारी में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर वंशवादी राजनीति का तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि लालू-राबड़ी अपने बेटे को मुख्यमंत्री और सोनिया जी अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं, लेकिन बिहार में नीतीश कुमार और दिल्ली में नरेंद्र मोदी ही काबिज रहेंगे।

शाह ने ऐलान किया कि एनडीए की सरकार बनते ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि 6,000 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये सालाना कर दी जाएगी। उन्होंने धान, मक्का और गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) भी बढ़ाने का जिक्र किया। धान का एमएसपी 2,369 रुपये, मक्का 2,400 रुपये और गेहूं 2,600 रुपये क्विंटल तय किया गया है। बिहार के किसानों से एमएसपी पर ही उपज खरीदने का वादा भी दोहराया।

लालू सरकार के जंगलराज की याद

लालू राज की ‘जंगलराज’ को याद दिलाते हुए शाह ने कहा कि लालू जी सड़कें इसलिए नहीं बनवाते थे ताकि पुलिस अपराधियों तक न पहुंच सके। अब एनडीए ने सड़कें भी बनवाईं और उसी सड़क से पुलिस जंगलराज के अपराधियों को जेल भेज रही है। उन्होंने चेताया कि 6 नवंबर को गलती हुई तो अपहरण, फिरौती और जंगलराज फिर लौट आएगा।

243 सीटों के लिए हो रहा चुनाव

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार मंगलवार शाम थम गया। 243 सीटों के लिए 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा। परिणाम 14 नवंबर को आएंगे। शाह ने नीतीश-मोदी की जोड़ी को फिर सत्ता में लाने का आह्वान किया ताकि बिहार विकसित राज्य बने।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews