Hindi News

‘सुशासन बाबू’ के नाम से मशहूर सीएम नीतीश कुमार का जन्मदिन आज, लाखों बच्चों को दी बड़ी सौगात, प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

Written by:Gaurav Sharma
Last Updated:
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश के 51 लाख आंगनबाड़ी बच्चों के लिए पोशाक वितरण योजना की शुरुआत की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं, वहीं JDU कार्यकर्ता इस दिन को 'विकास दिवस' के रूप में मना रहे हैं।
‘सुशासन बाबू’ के नाम से मशहूर सीएम नीतीश कुमार का जन्मदिन आज, लाखों बच्चों को दी बड़ी सौगात, प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज यानी 1 मार्च को 75 साल के हो गए। ‘सुशासन बाबू’ के नाम से मशहूर सीएम नीतीश ने अपने इस खास दिन पर प्रदेश के लाखों बच्चों को एक बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार ने प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले लगभग 51 लाख बच्चों को दो-दो सेट ड्रेस देने की योजना का शुभारंभ किया है।

नीतीश कुमार के जन्मदिन को लेकर पूरे प्रदेश में जश्न का माहौल है, खासकर JDU कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ता आज के दिन को ‘विकास दिवस’ के तौर पर मना रहे हैं। सड़क, बिजली और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर अपनी पहचान बनाने वाले नीतीश कुमार का जन्म 1 मार्च 1951 को बख्तियारपुर में हुआ था।

51 लाख बच्चों को यूनिफॉर्म का तोहफा

जानकारी के अनुसार, ग्रामीण विकास विभाग की ओर से इस महत्वाकांक्षी योजना को लागू किया जा रहा है। योजना का औपचारिक शुभारंभ आज ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार के हाथों किया जाएगा। पहले चरण में 51 लाख बच्चों तक ड्रेस पहुंचाने की तैयारी है। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की कर्मभूमि माने जाने वाले पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर और बगहा से होगी। यह कदम बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों की ओर आकर्षित करने और उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने दीं शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें बधाई दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की।

“बिहार के CM नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की बधाई। वे पिछले कई सालों से बिहार की तरक्की के लिए बिना थके काम कर रहे हैं। उनके विज़न और डेवलपमेंट स्कीम्स ने अनगिनत लोगों की ज़िंदगी पर अच्छा असर डाला है। उनकी लंबी और हेल्दी ज़िंदगी के लिए प्रार्थना करता हूँ।”- नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री के अलावा भी देश और प्रदेश के कई बड़े नेता नीतीश कुमार को उनके जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं। इस मौके पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों को याद किया जा रहा है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma
Follow Us :GoogleNews