“मेरी कामना है कि समाज में अमन-चैन कायम रहे..” नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव ने दी ईद की मुबारकबाद, दिया ये खास संदेश

ईद-उल-फित्र के मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है। दोनों नेताओं ने अपने संदेश में राज्य में अमन-चैन, भाईचारे और समृद्धि की कामना की।
Nitish Kumar

पटना: ईद-उल-फित्र के मुबारक मौके पर बिहार के राजनीतिक गलियारों से भी बधाई और शुभकामनाओं का दौर जारी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव तक, सभी ने प्रदेश एवं देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम भाई-बहनों को ईद की मुबारकबाद दी है। दोनों नेताओं ने इस खास दिन पर राज्य में शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारे की मजबूती की कामना की।

सीएम नीतीश बोले- यह इनाम का दिन है

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि पवित्र रमजान के महीने में रोजेदारों द्वारा की गई इबादतों से न केवल उनके घर-परिवार में, बल्कि पूरे प्रदेश और देश में शांति एवं समृद्धि का वास होगा। उन्होंने भारत की अनेकता में एकता की परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि यहां विभिन्न धर्मों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होकर खुशियां बांटते हैं, जो देश को मजबूती प्रदान करता है।

“मेरी कामना है कि समाज में अमन-चैन, भाईचारा पूरे तौर पर कायम रहे। ईद का दिन ईनाम का दिन है। खुदा इस मुबारक दिन पर अपने नेक बंदों को ईनाम से नवाजते हैं।”- नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री, बिहार

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “खुदा हम सब पर अपनी रहमतों की बारिश करें और हम सबों का जीवन सुख, शांति, समृद्धि से भरा रहे।”

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर दी बधाई

दूसरी ओर, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के माध्यम से ईद की बधाई दी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि ईद का दिन इनाम का दिन है और खुदा सभी पर अपनी रहमतों की बारिश करें।

उन्होंने लिखा, “आप सबों को ईद की दिली मुबारकबाद। मुल्क में खुशहाली, भाईचारगी, तरक्की और इंसानियत की बुलंदी हो, परवरदिगार हम सबों को जरूरतमंदों का मददगार बनाए, इन्हीं दुआओं के साथ खुदा हमारी तमाम इबादतों को कुबूल फरमाए।” तेजस्वी ने भी देश-प्रदेश में अमन-चैन और भाईचारा कायम रहने की गुजारिश की।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews