Bihar Election Result 2025: PM Modi ने दी बधाई बोले- ये सुशासन, विकास, जन-कल्याण की भावना, सामाजिक न्याय की जीत

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा बिहारवासियों का एक-एक वोट भारत की सुरक्षा और संसाधनों से खेलने वाले घुसपैठियों और उनके हितैषियों के खिलाफ मोदी सरकार की नीति में विश्वास का प्रतीक है।
PM Modi Amit Shah

बिहार की जनता ने NDA को प्रचंड बहुमत देकर (Bihar Election Result) वोट चोरी के कांग्रेस के मुद्दे को हवा में उड़ा दिया है, बिहार की जनता ने कांग्रेस पर खासकर राहुल गांधी पर भरोसा नहीं किया, तेजस्वी यादव के नौकरियों के वादों सहित अन्य वादों पर भरोसा नहीं किया और राहुल और उनकी दोस्ती को नकार दिया और प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार पर भरोसा कर फिर से उन्हें सरकार बनाने का मौका दे दिया, प्रधानमंत्री मोदी ने इस जीत पर बिहार की जनता को बधाई दी है

पीएम मोदी ने X पर लिखा,  बिहार के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जीत का आशीर्वाद दिया है। यह प्रचंड जनादेश हमें जनता-जनार्दन की सेवा करने और बिहार के लिए नए संकल्प के साथ काम करने की शक्ति प्रदान करेगा। ये सुशासन की जीत हुई है। विकास की जीत हुई है। जन-कल्याण की भावना की जीत हुई है। सामाजिक न्याय की जीत हुई है।

PM Modi ने सहयोगी दलों को दी जीत की बधाई 

मोदी ने लिखा-  एनडीए ने राज्य का चौतरफा विकास किया है। लोगों ने हमारे ट्रैक रिकॉर्ड और राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के हमारे विजन को देखकर हमें भारी बहुमत दिया है। मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए परिवार के हमारे सहयोगी चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा को इस जबरदस्त जीत के लिए हार्दिक बधाई देता हूं।

प्रधानमंत्री ने जताया प्रत्येक कार्यकर्ता का आभार

मैं एनडीए के प्रत्येक कार्यकर्ता का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अथक परिश्रम किया है। उन्होंने जनता के बीच जाकर हमारे विकास के एजेंडे को सामने रखा और विपक्ष के हर झूठ का मजबूती से जवाब दिया। मैं उनकी हृदय से सराहना करता हूं! आने वाले समय में हम बिहार के विकास, यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्य की संस्कृति को नई पहचान देने के लिए बढ़-चढ़कर काम करेंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यहां की युवा शक्ति और नारी शक्ति को समृद्ध जीवन के लिए भरपूर अवसर मिले।

जनता ‘Politics of performance’ के आधार पर देती है जनादेश 

गृह मंत्री अमित शाह ने X पर लिखा-  यह ‘विकसित बिहार’ में विश्वास रखने वाले हर बिहारवासी की जीत है। जंगलराज और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले किसी भी भेष में आएँ, उन्हें लूटने का मौका नहीं मिलेगा। जनता अब सिर्फ और सिर्फ ‘Politics of performance’ के आधार पर जनादेश देती है। मैं नरेंद्र मोदी, नीतीश कुमार  व NDA के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूँ।

अमित शाह ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया  

अमित शाह ने लिखा-  अपने अथक परिश्रम से इस परिणाम को चरितार्थ करने वाले बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक के बिहार के सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन करता हूँ। मैं बिहार की जनता और विशेषकर हमारी माताओं-बहनों को आश्वस्त करता हूँ कि जिस आशा और विश्वास के साथ आपने NDA को यह जनादेश दिया है, मोदी जी के नेतृत्व में NDA सरकार उससे अधिक समर्पण से उसे पूरा करेगी।

राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस बिहार में आखिरी पायदान पर 

बिहारवासियों का एक-एक वोट भारत की सुरक्षा और संसाधनों से खेलने वाले घुसपैठियों और उनके हितैषियों के खिलाफ मोदी सरकार की नीति में विश्वास का प्रतीक है। वोटबैंक के लिए घुसपैठियों को बचाने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है। बिहार की जनता ने पूरे देश का मूड बता दिया है कि मतदाता सूची शुद्धिकरण अनिवार्य है और इसके खिलाफ राजनीति की कोई जगह नहीं है। इसीलिए राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस आज बिहार में आखिरी पायदान पर आ गई है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews