बिहार: बांकीपुर सीट पर भाजपा का सरप्राइज, नामांकन से पहले बदला प्रत्याशी, अब नीरज कुमार सिन्हा को बनाया उम्मीदवार, जानें वजह

बिहार के विधानसभा उपचुनाव 2026 के लिए भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार सिन्हा को टिकट दिया था लेकिन बाद में उन्होंने नाम वापस ले लिया। अब भाजपा ने नए उम्मीदवार के तौर पर नीरज कुमार सिन्हा को मैदान में उतारा है।
Neeraj Kumar Sinha

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है जिसको लेकर तैयारियां तेज हो गईं है। इस सीट से भाजपा प्रत्याशी को लेकर बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। कुछ दिन पहले भाजपा ने अभिषेक कुमार सिन्हा को उम्मीदवार घोषित किया था लेकिन अब भाजपा ने अपना प्रत्याशी बदलकर नीरज कुमार सिन्हा को टिकट दे दिया है। इस बड़े उलटफेर ने राजनीतिक गलियारों में सभी को चौंका दिया है।

बता दें कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले घोषित हुए उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देकर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र सौंपा और नाम वापस लेने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वह अब चुनाव नहीं लड़ेंगे और कार्यकर्ता के नेता ही पार्टी में काम करते रहेंगे। जिसके बाद पार्टी ने शुक्रवार को नीरज कुमार सिन्हा के नाम पर मुहर लगाई और बांकीपुर से भाजपा प्रत्याशी घोषित किया।

नीरज कुमार ने भाजपा के कई पदों किया कार्य

अपने राजनीतिक जीवन के दौरान नीरज कुमार सिन्हा ने भाजपा में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने बूथ अध्यक्ष, मंडल महासचिव और भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष जैसे पदों पर कार्य किया है। इसके अलावा वह दो बार मंडल अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वर्तमान में टिकट मिलने से पहले वह बांकीपुर के नरेंद्र भारती मंडल के अध्यक्ष के रूप में भी काम कर चुके हैं।

टिकट मिलने के बाद क्या बोले नीरज कुमार सिन्हा?

भाजपा उम्मीदवार घोषित होने के बाद नीरज कुमार ने कहा कि आज मैं बहुत ही खुशी महसूस कर रहा है। मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेशाध्यक्ष और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह सभी का शुक्रगुजार हूं। मैंने बूथ मंत्री के तौर पर पार्टी में शुरूआत की थी और आज भाजपा ने मुझे टिकट देकर काबिल समझा।

नीरज कुमार ने दावा करते हुए कहा कि मुझे बड़ी जीत विश्वास है। पार्टी के सभी कार्यकर्ता और आम जनता के साथ मिलकर काम करके हम सब कामयाब होंगे। बांकीपुर की जनता हमारी पार्टी के नेतृत्व में किए गए कार्यों के आधार पर मतदान करेगी और भाजपा को फिर से जीत दिलाएगी।

नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट

बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन विधायक थे। इसके बाद भाजपा ने नितिन नबीन को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया और निर्विरोध राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हुए। बाद में नितिन नबीन ने बांकीपुर विधायक पद से इस्तीफा दे दिया और फिर चुनाव आयोग ने इस सीट पर उपचुनाव की घोषिणा की। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी।

काफी दिलचस्प हो सकता है मुकाबला

बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने रेखा देवी को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी इसी सीट से चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। दूसरी ओर, भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को अपना प्रत्याशी बनाया है।

भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा, राजद की रेखा देवी और जनसुराज के प्रशांत किशोर के मैदान में होने से बांकीपुर विधानसभा सीट पर मुकाबला बेहद रोचक और त्रिकोणीय होने की संभावना है। यह चुनाव भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल भी माना जा रहा है, जबकि प्रशांत किशोर भी चाहेंगे की वे चुनाव जीतकर राज्य में पार्टी का खाता खोलें।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews