
सोमवार (21 जुलाई, 2025) की रात भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर इस्तीफे की जानकारी दी. इस्तीफे में धनखड़ ने खराब स्वास्थ्य का हवाला दिया, लेकिन इसके बाद राजनीति गरमा गई है. कई नेता उनके इस फैसले के पीछे दूसरे कारण तलाश रहे हैं.
धनखड़ ने क्या कहा अपने इस्तीफे में?
धनखड़ ने अपने पत्र में लिखा, “स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने के लिए मैं भारत के उपराष्ट्रपति पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देता हूं.” उन्होंने आगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा, “प्रधानमंत्री से मुझे जो समर्थन और सहयोग मिला, वह अमूल्य है. मैंने उनके नेतृत्व से बहुत कुछ सीखा.”
क्या उपराष्ट्रपति सह सभापति
राज्यसभा का नड्डा जी ने अपमान कियाक्या इससे आहत होकर उन्होंने इस्तीफ़ा दिया?
जो भी हो,पर आसन को इस तरह से
डिक्टेट करने वाले नड्डा होते कौन हैं?
आसन का अपमान करने के लिए उन्हें
पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए।— Pappu Yadav (@pappuyadavjapl) July 21, 2025
पप्पू यादव ने किया वीडियो शेयर, उठाए गंभीर सवाल
धनखड़ के इस्तीफे के कुछ देर बाद ही पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो शेयर किया. यह वीडियो 6 सेकेंड का है, जिसमें बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा राज्यसभा में कुछ बोलते नजर आ रहे हैं. वीडियो को लेकर पप्पू यादव ने सवाल खड़े किए कि कहीं उपराष्ट्रपति ने अपमानित महसूस कर इस्तीफा तो नहीं दिया? उन्होंने लिखा, “क्या उपराष्ट्रपति सह सभापति राज्यसभा का नड्डा जी ने अपमान किया? क्या इससे आहत होकर उन्होंने इस्तीफा दिया? जो भी हो, पर आसन को इस तरह से डिक्टेट करने वाले नड्डा होते कौन हैं? आसन का अपमान करने के लिए उन्हें पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए.”
‘बहुत बड़ा खेल’ का इशारा
एक अन्य पोस्ट में पप्पू यादव ने लिखा, “इतनी आसानी से इस्तीफा तो नहीं हुआ है. खेल तो बहुत ही गहरा है, बहुत बड़ा गेम है.” उनके इन बयानों से सियासी हलचल तेज हो गई है. हालांकि बीजेपी या नड्डा की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.
