बिहार के कटिहार जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। कोढ़ा प्रखंड में एनएच-31 पर डागपुर बकरी फार्म के पास एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क पर जा रहे कई लोगों को कुचलती चली गई। इस भीषण हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह यात्री बस पूर्णिया से भागलपुर की ओर जा रही थी। बस में काफी संख्या में यात्री सवार थे। जैसे ही बस डागपुर बकरी फार्म के पास पहुंची, अचानक चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया। बस सीधे सड़क पर जा रहे दो बाइक सवारों से जा टकराई, जिससे दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए या उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहली टक्कर के बाद चालक बस को लेकर भागने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान, बेकाबू बस ने सड़क पर जा रहे एक पिकअप वाहन को भी जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। बस की अत्यधिक रफ्तार और चालक की लापरवाही के कारण सड़क पर मौजूद कई अन्य लोग भी इसकी चपेट में आ गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे का मंजर और राहत-बचाव कार्य
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। उन्होंने घायलों को संभाला और उन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
इस हादसे में एक मृतक महिला की पहचान हो सकी है। मृतक महिला 35 वर्षीय चिंतामणी महतो पूर्णिया की रहने वाली थीं। वह कोढ़ा के बड़हरा कोठी अपने रिश्तेदारों के यहां आई हुई थीं। बाकी के नौ मृतकों की पहचान के लिए पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। उसी तरह से कई घायलों की भी अब तक पहचान नहीं हो सकी है, जिससे उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाने में दिक्कत आ रही है। चारों तरफ दहशत और अफरा-तफरी का महौल कायम है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया और भीड़ को हटाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बस अनियंत्रित कैसे हुई और क्या चालक नशे में था या तेज रफ्तार ही हादसे की वजह बनी।
इस भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही पल में कई घरों के चिराग बुझ गए, जिससे गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिवारों और घायलों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।





