PM Modi बोले- बिहार को कट्टा, कुशासन नहीं, NDA की सुशासन सरकार चाहिए

PM Modi ने RJD पर हमला करते हुए कहा ये लोग अभी से बच्चों को रंगदार बनाने की बातें कर रहे हैं। ये खुली घोषणा कर रहे हैं, "भैया की सरकार" आएगी तो कट्टा, दोनाली, फिरौती, यही सब चलेगा।
Bihar Assembly Elections PM Modi

बिहार चुनाव के पहले चरण के मतदान में रिकॉर्ड वोटिंग से सियासत गरम है, NDA को नीतीश कुमार की सरकार रिपीट होती दिखाई दे रही है तो RJD कांग्रेस इसे परिवर्तन के लिए डाला गया वोट मान रहे हैं, दोनों दलों के नेता अपने अपने गठबंधन की जीत के दावे कर रहे हैं, इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज फिर बड़ा हमला किया उन्होंने औरंगाबाद की सभा में कहा कि बिहार की जनता को कट्टा सरकार , कुशासन सरकार नहीं चाहिए NDA की सुशासन सरकार चाहिए और ये उसने बता दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आज औरंगाबाद में चुनावी सभा को संबोधित किया, उन्होंने कहा औरंगाबाद त्याग और बलिदान की धरती है। इस मिट्टी ने अनुग्रह बाबू और जगदेव बाबू जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी दिए हैं। औरंगाबाद हो या गया जी, यह पक्के इरादों वाली धरती है। दशरथ मांझी इसी का प्रतीक रहे हैं। मैं इस क्षेत्र की सभी महान विभूतियों को नमन करता हूं।

पहले चरण में टूटा मतदान का रिकॉर्ड 

PM Modi ने कहा  कल ही बिहार ने पहले चरण का मतदान किया है और बिहार के लोगों ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बिहार में अब तक का सबसे अधिक मतदान हुआ है। पहले चरण में करीब 65 प्रतिशत मतदान हुआ है। यह दिखाता है कि एनडीए सरकार की वापसी का मोर्चा खुद बिहार की जनता ने संभाल लिया है। पहले चरण के मतदान से ये स्पष्ट है, बिहार के लोग अब किसी भी कीमत पर जंगलराज को लौटने नहीं देना चाहते। बिहार का नौजवान, RJD के झूठे वादों पर नहीं, NDA के ईमानदार इरादों पर वोट दे रहा है।

पहले चरण से तय हो गया फिर एक बार एनडीए सरकार

उन्होंने कहा पहले चरण के मतदान से ये तय है कि एक बार फिर एनडीए सरकार बन रही है। एनडीए के पास हर क्षेत्र के लिए, उसकी आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग योजनाएं हैं। कहीं फूड प्रोसेसिंग से जुड़े उद्योगों पर बल दिया जा रहा है, कहीं टूरिज़्म का विकास हो रहा है, कहीं टेक्नॉलॉजी से जुड़ी कंपनियों का विस्तार किया जा रहा है, तो कहीं मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। यानी जहां जैसा सामर्थ्य है, वहां वैसी ही इंडस्ट्री लगाई जा रही है।

आज 7 नवंबर को वन रैंक, वन पेंशन लागू हुए 11 वर्ष पूरे हो रहे

पीएम ने कहा, मोदी ने कहा था, राम मंदिर बनेगा, और डंके की चोट पर राम मंदिर बन गया। मोदी ने वादा किया था, अनुच्छेद 370 की दीवार गिरेगी और अनुच्छेद 370 हट गया। मोदी ने बिहार की इसी धरती से कहा था कि पहलगाम हमले का बदला लिया जाएगा और फिर देश ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को तबाह होते हुए देखा। मोदी ने वन रैंक, वन पेंशन का वादा हमारे देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों से किया था। आज, 7 नवंबर को वन रैंक, वन पेंशन लागू हुए 11 वर्ष पूरे हो रहे हैं। हमारे सैनिक परिवार पिछले चार दशकों से वन रैंक, वन पेंशन की मांग कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने हर बार उनसे झूठ बोला।

ये लोग अभी से बच्चों को रंगदार बनाने की बातें कर रहे हैं

पीएम ने कहा जब आपने दिल्ली में मोदी को बिठाया, तब मैंने तय किया कि नक्सलवाद और माओवादी आतंक की कमर तोड़ कर रहूंगा। हमने नक्सलवाद, माओवादी आतंक के खिलाफ कार्रवाई की। आज बिहार, माओवादी आतंक के डर से मुक्त हो रहा है। माओवादी आतंक अब समाप्ति के कगार पर है। RJD पर हमला  करते हुए मोदी ने कहा जंगलराज वालों के पास वो सब कुछ है, जो नौकरी और निवेश, दोनों के लिए खतरा है। ये लोग अभी से बच्चों को रंगदार बनाने की बातें कर रहे हैं। ये खुली घोषणा कर रहे हैं, “भैया की सरकार” आएगी तो कट्टा, दोनाली, फिरौती, यही सब चलेगा। इसलिए इन लोगों से सतर्क रहना है, बिहार को कट्टा सरकार नहीं चाहिए, कुशासन सरकार नहीं चाहिए, NDA की सुशासन सरकार चाहिए ।

कांग्रेस और RJD वाले सत्ता के लिए किसी को भी धोखा दे सकते हैं

मोदी ने कहा कांग्रेस ने छोटे किसानों को कभी पूछा तक नहीं। ये मोदी हैं, जो किसानों की सच्ची चिंता करते हैं। हमारी सरकार किसानों को सालाना 6,000 रुपये की सहायता राशि देती है। अब जब बिहार में फिर से एनडीए सरकार बनेगी, तो किसानों को 3,000 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे यानी कुल 9,000 रुपये सालाना की सहायता।  मोदी ने कहा कांग्रेस और आरजेडी वाले सत्ता के लिए किसी को भी धोखा दे सकते हैं। औरंगाबाद इसका सबसे बड़ा साक्षी है। यहां जो कुछ हुआ, उसे पूरा बिहार देख चुका है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष का आरजेडी ने अपमान किया। आरजेडी ने कांग्रेस को वही सीटें दीं, जिन्हें वो पिछले 35–40 वर्षों से जीत नहीं पाई है। आरजेडी ने कांग्रेस के कनपटी पर कट्टा रखकर मुख्यमंत्री की उम्मीदवारी छीन ली। जो लोग अपने साथियों को धोखा दे सकते हैं, क्या वो बिहार की जनता के सगे हो सकते हैं?

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews