RJD कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार संभालते ही तेजस्वी यादव ने NDA पर बोला हमला, कहा- हम लोग कमजोर नहीं, समय आएगा हमारा भी

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर तेजस्वी यादव ने पटना में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया है। इस मौके पर उन्होंने NDA सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि उनकी 'भ्रूण हत्या' की साजिश की गई, साथ ही उन्होंने RJD को फिर से राष्ट्रीय पार्टी बनाने का संकल्प लिया।
Tejashwi Yadav

पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में नए युग का औपचारिक आगाज हो गया है। शनिवार को पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर तेजस्वी यादव ने पटना स्थित पार्टी कार्यालय में पदभार ग्रहण कर लिया। इस मौके पर उन्होंने न केवल संगठन के भविष्य की रूपरेखा पेश की, बल्कि केंद्र और राज्य की NDA सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। अपने संबोधन में तेजस्वी ने भावनात्मक और राजनीतिक, दोनों तरह के संदेश देते हुए स्पष्ट कर दिया कि RJD अब उनकी अगुवाई में एक नई और आक्रामक रणनीति के साथ आगे बढ़ेगी।

“जब मूंछ भी नहीं आई थी, तब CBI-ED के केस लगे”

तेजस्वी यादव ने अपने राजनीतिक सफर में आई मुश्किलों का जिक्र करते हुए बेहद सनसनीखेज आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “जब मेरी मूंछ भी नहीं आई थी, तब मुझ पर CBI और ED के केस लगा दिए गए। हमारी तो भ्रूण हत्या कराई जा रही है।” उन्होंने इसका दोष 2017 के राजनीतिक घटनाक्रम पर मढ़ते हुए कहा कि उनका एकमात्र गुनाह यह था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बीजेपी के साथ जाना चाहते थे। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग विपक्ष को पूरी तरह खत्म करने की साजिश कर रहे हैं और इसी के तहत उन पर निजी हमले किए जा रहे हैं।

“हम लोग कमजोर नहीं हैं, लेकिन हमारा समय कमजोर है। समय आएगा हमारा भी। आज NDA का समय है, लेकिन हमारा दौर जरूर आएगा।”- तेजस्वी यादव

लालू का सपना पूरा करने और RJD को राष्ट्रीय पार्टी बनाने का लक्ष्य

कार्यकारी अध्यक्ष की नई भूमिका को एक बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए तेजस्वी यादव ने पार्टी के लिए अपने लक्ष्य स्पष्ट किए। उन्होंने कहा, “लालू प्रसाद जी का सपना पूरा करना है। मेरा सपना है कि RJD को फिर से राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिले।” उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की अपनी योजना का भी खुलासा किया। तेजस्वी ने ऐलान किया कि होली के तुरंत बाद वह पूरे बिहार का दौरा करेंगे और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे।

NDA सरकार पर सीधा हमला: “डर तंत्र कायम किया गया है”

पदभार ग्रहण करने के बाद अपने पहले भाषण में तेजस्वी ने NDA सरकार पर लोकतंत्र को खत्म करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “एनडीए सरकार एक डर तंत्र कायम करना चाहती है। आज देश में लोकतंत्र और संविधान को खत्म किया जा रहा है।” उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा, “बिहार चुनाव में लोक हारा और तंत्र जीता। लेकिन हम डरने और झुकने वाले नहीं हैं।”

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखी टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार सिर्फ अधिकारियों के मुख्यमंत्री बनकर रहेंगे, वह कभी लीडर नहीं बन सकते। बिहार में अगर कोई लीडर है तो वह सिर्फ लालू प्रसाद हैं।” उन्होंने यह भी दावा किया कि NDA सरकार “षड्यंत्र के जरिए” सत्ता में आई है, जबकि जनता आज भी लालू प्रसाद के साथ खड़ी है। तेजस्वी ने अपने कार्यकर्ताओं से आक्रामक रहने का आह्वान करते हुए कहा, “अब अगर कोई गाली देगा तो चुप रहने की जरूरत नहीं है।” यह बयान RJD की भविष्य की आक्रामक राजनीति का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews