कांग्रेस बोली सिंधिया के इशारे पर गिराया प्रदेश उपाध्यक्ष का मैरिज गार्डन, जलायेगी पुतले

If-Congress-does-not-win-this-highProfile-seat-of-MP

ग्वालियर, अतुल सक्सेना। एपेक्स बैंक के पूर्व चेयरमेन (Former chairman of apex bank)और कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिंह (Congress State Vice President Ashok Singh)  के बालाजी मैरिज गार्डन (Balaji Marriage Garden) पर हुई प्रशासन की कार्रवाई को कांग्रेस ने राजनीति से प्रेरित द्वेषपूर्ण कार्रवाई बताया है। कांग्रेस (Congress) ने आरोप लगाए हैं कि ये कार्रवाई सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) के इशारे पर की गई है इसलिए कांग्रेस कल शुक्रवार को उनके पुतले जलायेगी और शनिवार को धरना देगी।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद ग्वालियर जिले में शुरू हैं एंटी माफिया अभियान का पहला निशाना बुधवार को कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिंह बने। जिला प्रशासन की टीम ने अशोक सिंह के मालिकाना हक वाले बालाजी मैरिज गार्डन के एक हिस्से को गिरा दिया। मौके पर मौजूद एडीएम का तर्क था कि ये सरकारी जमीन पर बना है इसलिए गिरा रहे हैं। बालाजी गार्डन पहुंचे प्रशासन के अफसरों को जब अशोक सिंह के परिजनों ने कोर्ट का स्टे दिखाया और कार्रवाई का विरोध किया तो वे अल्टिमेटम देकर लौट गए। उधर कलेक्टर ने कार्रवाई को एंटी माफिया अभियान का हिस्सा ना बताकर सामान्य अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई बताया।

पार्टी के वरिष्ठ नेता के मैरिज गार्डन पर हुई कार्रवाई से कांग्रेस आक्रोशित हो गई। पार्टी के जिला अध्यक्ष ने गुरुवार को पार्टी कार्यालय पर आपात बैठक बुलाई जिसमें सभी वरिष्ठ नेताओं को बुलाया गया। बैठक में जिला अध्यक्ष डॉ देवेंद्र शर्मा के अलावा विधायक प्रवीण पाठक, विधायक सतीश सिकरवार, विधायक सुरेश राजे, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिंह सहित सभी कार्यकारी अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। बैठक में नेताओं ने कहा कि बालाजी मैरिज गार्डन पर प्रशासन की कार्रवाई राजनीति से प्रेरित होकर द्वेषपूर्ण है ये भाजपा के राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया के इशारे पर की गई है। इसलिए इसके खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठानी होगी नहीं तो प्रशासन इसी तरह की और अनुचित कार्रवाई कर सकता है। जिला अध्यक्ष डॉ देवेंद्र शर्मा ने एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ से बात करते हुए कहा प्रशासन भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में किसके खिलाफ कार्रवाई होनी है ये सिंधिया जी दिल्ली में तय करते हैं जो नाम वो बता देते हैं प्रशासन वहीं कार्रवाई करता है। उन्होंने कहा कि अशोक सिंह के यहाँ भी कार्रवाई सिंधिया के इशारे पर हुई है इसलिए शुक्रवार को कांग्रेस के सभी 12 शहरी और 12 ग्रामीण ब्लॉक में सिंधिया के पुतले जलाये जायेंगे और शनिवार को ग्वालियर में धरना दिया जायेगा। जिला अध्यक्ष ने कहा कि बदले की भावना से की जा रही कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews