रंजिश के चलते युवक की अपहरण कर हत्या, शव नदी में फेंका, 6 महिला पुरुषों ने दिया घटना को अंजाम

Chhatarpur

ग्वालियर, अतुल सक्सेना। शहर के जनकगंज थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक की 6 महिला पुरुषों ने अपहरण कर लाठी सरियों से पीटकर हत्या कर दी और शव को डबरा के पास सिंध नदी में फेंक दिया। हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। शव को बरामद करने के लिए पुलिस पार्टी रवाना हो गई है। पुलिस ने दो महिला और दो पुरुषों को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के मुताबिक जनकगंज थाना क्षेत्र के माधव नगर में रहने वाले राजू राठौर का जीतू पंडित ने अपनी पत्नी, बहन और तीन अन्य साथियों के साथ अपहरण किया और हत्या कर शव सिंध नदी में फेंक दिया। पुलिस के मुताबिक रात करीब 11बजे आरोपियों ने राजू को ऑटो में बैठाया और डबरा की तरफ ले गए रास्ते में आरोपियों ने उसके साथ लाठी सरियों से मारपीट की और जब उसकी मौत हो गई तो शव को सिंध नदी में फेंक दिया।

पुलिस के मुताबिक राजू और जीतू के बीच किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश थी जिसका बदला जीतू ने राजू से लिया। उधर मृतक राजू के भाई ने किसी भी तरह की रंजिश या विवाद से इंकार किया है। उसका कहना है कि जीतू की किसी और से रंजिश थी और मेरे भाई को ले जाकर हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने दो महिला भावना और बबली एवं दो पुरुष करण एवं सूरज को हिरासत में ले लिया है मुख्य आरोपी जीतू व एक अन्य अभी फरार है जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews