मतदान केन्द्रों के दस्तावेजों की जांच पूरी, ग्वालियर कलेक्टर बोले- कहीं भी रीपोल की जरूरत नहीं

MP Election 2023

MP Election 2023 : मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए कल शुक्रवार 17नवंबर को मतदान संपन्न हुआ, ग्वालियर जिले की सभी 6 विधानसभा सीटों के लिए भी कल ही मतदान हुआ, पोलिंग पार्टियों ने देर रात तक एमएलबी कॉलेज में जहाँ से मतदान सामग्री प्राप्त की थी वहीँ जमा करवा दी, आज जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों के दस्तावेजों की जांच की गई, जांच के बाद कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने कहा कि ग्वालियर जिले में कहीं रीपोल की जरुरत नहीं है।

एमएलबी कॉलेज में विधानसभा क्षेत्रवार की गई जांच 

ग्वालियर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के समस्त मतदान केन्द्रों में अपनाई गई मतदान प्रक्रिया की शनिवार 18 नवंबर को जांच (संवीक्षा) की गई। संवीक्षा की कार्यवाही एमएलबी कॉलेज में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार संबंधित प्रेक्षकगण व प्रत्याशियों के प्रतिनिधिगण की मौजूदगी में रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा संपादित की गई।

जांच के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी बोले,  रीपोल की कहीं जरूरत नहीं  

संवीक्षा में खासतौर पर प्रारूप 17 “क”, मतपत्र लेखा, पीठासीन अधिकारी की डायरी व अन्य दस्तावेजों की संवीक्षा (जाँच) की गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय कुमार सिंह ने भी संवीक्षा की प्रक्रिया का जायजा लिया। संवीक्षा में पाया गया है कि जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के तहत मतदान संपन्न हुआ है। इसलिये जिले में किसी भी मतदान केन्द्र में पुनर्मतदान (री-पोल) की आवश्यकता नहीं है।

प्रेक्षक, आरओ और प्रत्याशी प्रतिनिधि ने देखी जांच प्रक्रिया   

जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 14-ग्वालियर ग्रामीण में प्रेक्षक अनिल कुमार सिंह एवं प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में यहाँ के रिटर्निंग अधिकारी बृजबिहारी लाल श्रीवास्तव ने जांच की कार्यवाही पूर्ण की। इसी तरह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 15-ग्वालियर में प्रेक्षक अनिल कुमार सिंह व रिटर्निंग अधिकारी अतुल सिंह, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 16-ग्वालियर पूर्व में प्रेक्षक रवि कुमार अरोरा व रिटर्निंग ऑफीसर विनोद सिंह, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र  17-ग्वालियर दक्षिण में प्रेक्षक रवि कुमार अरोरा व रिटर्निंग अधिकारी नरेशचंद्र गुप्ता, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र  18-भितरवार में प्रेक्षक के. विवेकानंद व रिटर्निंग अधिकारी देवकीनंदन सिंह एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 19-डबरा (अजा) में प्रेक्षक आनंद शर्मा व प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में रिटर्निंग अधिकारी मुनीष सिंह सिकरवार ने सम्पन्न कराई।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews