लॉकडाउन में हो रही थी शराब की सप्लाई, 12 पेटी शराब और कार सहित आरोपी गिरफ्तार

लॉकडाउन में हो रही थी शराब की सप्लाई, 12 पेटी शराब और कार सहित आरोपी गिरफ्तार

ग्वालियर।अतुल सक्सेना।

लॉकडाउन में जहाँ पुलिस मुस्तैद है और ड्रोन कैमरे सहित अन्य साधनों से शहर पर निगाह रख रही है लेकिन फिर भी माफिया उसे चुनौती दे रहा है । इसका उदाहरण रविवार को मिला जब लॉक डाउन में अपने घर से शराब का काला कारोबार कर रहे एक शराब माफिया को पुलिस ने 12 पेटी देसी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक सेंट्रो कार बरामद की है जिसमें शराब की सप्लाई की जा रही थी। इस कार पर पुलिस को एमपीसीजी के एक न्यूज़ चैनल का स्टीकर लगा मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हजीरा थाना टी आई आलोक परिहार के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना मिली थी कि असिस्टेंट लाइन बिरलानगर में शराब की खेप उतरने वाली है। निर्देश मिलते ही उन्होंने अपनी टीम के साथ असिस्टेंट लाइन में नरेंद्र किरार के घर दबिश दी तो वहाँ 12 पेटी देसी शराब मिली। जबकि शराब पहुंचाने वाला नरेंद्र तोमर उर्फ घोड़ा फरार हो गया। पुलिस ने नरेंद्र किरार के पास से एक सेंट्रो कार भी बरामद की है जिसका उपयोग वो शराब सप्लाई में करता था। पुलिस को इस कार पर मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ के एक न्यूज चैनल का स्टीकर लगा मिला है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसका मीडिया से क्या संबंध है और ये कहाँ से शराब मंगा रहा था। पुलिस फरार नरेंद्र तोमर को तलाश रही है। मालूम चला है कि आरोपी नरेंद्र किरार भाजपा का पूर्व मंडल अध्यक्ष भी है। लेकिन सवाल ये उठता है कि लॉक डाउन में भी शराब माफिया कैसे शराब की सप्लाई कर रहा है ? पुलिस की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews