MP Breaking News

Gold Silver Rate Today: सोने-चांदी के भाव फिर बढ़े, ये है 16 सितंबर का भोपाल-इंदौर का 10 ग्राम गोल्ड और 1 KG सिल्वर का रेट

Gold Silver Rate 16 September 2026: मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट शुद्ध सोने का भाव बढ़कर 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हुआ, चांदी 2.35 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंची, आइए जानते हैं 18K, 22K और 24K का भोपाल-इंदौर का लेटेस्ट रेट
gold silver rate

वैश्विक बाजारों में जारी उठा-पटक और मध्य पूर्व में जारी भू-राजनीतिक तनाव के कारण बुधवार को भारतीय सराफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट शुद्ध सोने का भाव बढ़कर 1,53,003 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है, वहीं चांदी का रेट 2,35,150 रुपये प्रति किलो के आसपास चल रहा है।

इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) पर 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1.51 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी करीब 2.29 लाख रुपये प्रति किलो पर बना हुआ है। गुडरिटर्न्स पर 24 कैरेट सोने का भाव 1,53,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर दर्ज किया गया है, वहीं चांदी की कीमत 2,45,000 रुपये प्रति किलो पर बनी हुई है।

भोपाल-इंदौर का सोने-चांदी का ताजा भाव

भोपाल और इंदौर में 24 कैरेट सोने का भाव 1,53,490 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास चल रहा है। गहने बनाने में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला 22 कैरेट सोने का भाव 1,40,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बना हुआ है। 18 कैरेट सोने की कीमत 1,15,130 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई है। चांदी का भाव 2,45,000 रुपये प्रति किलो के आसपास बना हुआ है।

दिल्ली-लखनऊ समेत बड़े शहरों में क्या है रेट?

  • दिल्ली, जयपुर, चंडीगढ़ और लखनऊ जैसे शहरों में 24 कैरेट सोने का भाव 1,53,590 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास है। 22 कैरेट सोना 1,40,800 रुपये और 18 कैरेट सोना 1,15,230 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब चल रहा है।
  • मुंबई, पुणे, नागपुर, जयपुर, दिल्ली और लखनऊ में चांदी का भाव करीब 2,45,000 रुपये प्रति किलो है। वहीं चेन्नई, हैदराबाद, विजयवाड़ा, विशाखापत्तनम और केरल में एक किलो चांदी की कीमत करीब 2,50,000 रुपये बताई जा रही है।

पश्चिम एशिया (ईरान-अमेरिका) में जारी भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक आर्थिक कारकों के चलते भारतीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हलचल बनी हुई है। कच्चे तेल (Brent Crude) की कीमत $100 – $107 प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रही है। अमेरिकी डॉलर इंडेक्स के मजबूत होने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की मांग पर दबाव बना है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार (COMEX) में स्पॉट गोल्ड 4,324 डॉलर प्रति औंस और सिल्वर 65.11 डॉलर प्रति औंस के आसपास आ गया है। महंगे कच्चे तेल और अमेरिकी डॉलर में मजबूती से भारतीय रुपये पर दबाव बढ़ा है, जिससे यह गिरकर प्रति डॉलर ₹95.30 से ₹95.96 के दायरे में आ गया है। फिलहाल अमेरिकी फेडरल रिजर्व (US Fed) की बैठक के निर्णयों और ब्याज दरों पर रुख के चलते निवेशकों में सतर्कता का माहौल है।

बाजार विश्लेषकों की मानें तो अमेरिकी फेडरल रिजर्व के बयान के बाद सोने-चांदी की अल्पावधि दिशा तय होगी। जब तक कच्चे तेल में उछाल बना हुआ है तब तक सोने में सीमित उतार-चढ़ाव रह सकता है। निवेशकों को मौजूदा दरों पर एकमुश्त खरीदारी के बजाय गिरावट पर किश्तों में (SIP रूप में) निवेश करने और वेट एंड वॉच की पॉलिसी अपनाने की सलाह दी जा रही है।

काम की बातें

शनिवार, रविवार और केंद्र सरकार द्वारा घोषित अवकाश के दिनों में नए भाव जारी नहीं किए जाते हैं, इस दौरान बाजार बंद रहता है। शुक्रवार शाम को बंद हुए रेट ही शनिवार-रविवार को मान्य होते हैं।

सोना खरीदते समय हमेशा BIS हॉलमार्क और HUID कोड जरूर जांचें। हॉलमार्क के निशान में ​BIS लोगो, ​कैरेट/शुद्धता, HUID नंबर और सेंटर मार्क होता है।

24 कैरेट सोने के आभूषण पर 999, 22 कैरेट पर 916 और 18 कैरेट पर 750 लिखा होता है। 24 कैरेट गोल्ड 99.9% शुद्ध होता है और 22 कैरेट में 91.6% शुद्धता ( 8.4% अन्य धातु जैसे तांबा, चांदी, जिंक) होती है।

नोट- ऊपर दी गई सोने-चांदी की कीमतों में जीएसटी, टीसीएस और मेकिंग चार्ज जैसे अन्य शुल्क शामिल नहीं हैं, इसलिए शोरूम या स्थानीय बाजार से आभूषण खरीदते समय कीमतों में अंतर देखने को मिल सकता है। सटीक दरों के लिए अपने स्थानीय जौहरी या ज्वैलर्स शॉप से संपर्क करें।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani
Follow Us :GoogleNews
Gold Silver Rate Today: सोने-चांदी के भाव फिर बढ़े, ये है 16 सितंबर का भोपाल-इंदौर का 10 ग्राम गोल्ड और 1 KG सिल्वर का रेट - MP Breaking News