जुलाई में CBSE बोर्ड 12वीं सप्लीमेंट्री एग्जाम, अब तक नोटिस नहीं, धर्मेंद्र प्रधान बोले- पुनर्मूल्यांकन पूरा, रिजल्ट जल्द

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि सीबीएसई बोर्ड 12वीं पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बाकी रिजल्ट जल्द घोषित होंगे। जुलाई में कंपार्टमेंट एग्जाम होने वाला है। लेकिन अभी भी छात्र नोटिस का इंतजार कर रहे हैं। 
CBSE Board Exam 2026

सीबीएसई बोर्ड कक्षा 12वीं पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया (CBSE Board Re-evaluation) को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि री-वैल्यूएशन प्रोसेस पूरा हो चुका है। जिन भी छात्रों ने आवेदन किया था, उनके परिणाम जल्दी घोषित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि 17,00,000 छात्रों में से 15,50,000 छात्रों उम्मीदवारों रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। बाकी बचे परिणाम जल्द ही जारी किए जाएंगे। यह भी आश्वासन दिया कि छात्रों को किसी प्रकार की समस्या न हो यह भी सुनिश्चित किया जाएगा।

कक्षा 12वीं की परीक्षा 17 फरवरी से लेकर 10 अप्रैल आयोजित की गई थी। सीबीएसई ने परिणाम 13 मई को घोषित किया था। इस साल बोर्ड द्वारा ऑन स्क्रीन मार्किंग (OSM) के जरिए कॉपियों की जांच की गई है। लेकिन इस पर कई सवाल उठाए गए। पुनर्मूल्यांकन पोर्टल पर भी छात्रों ने कई समस्याओं की शिकायत की। अब तक कई छात्रों का पुनर्मूल्यांकन परिणाम घोषित नहीं हुआ है।

सप्लीमेंट्री परीक्षा पर क्या अपडेट?

रिजल्ट के दौरान सीबीएसई द्वारा जारी नोटिस के मुताबिक सप्लीमेंट्री परीक्षा 15 जुलाई को आयोजित होने वाली है। इस बार 1.68 लाख छात्रों को कंपार्टमेंट कैटेगरी में रखा गया है। निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक आवेदन प्रक्रिया 2 जून से शुरू होने वाली थी। लेकिन अब तक इससे संबंधित कोई भी नोटिस जारी नहीं किया गया है। न ही आवेदन पोर्टल एक्टिव किया गया है। जिसे लेकर स्टूडेंट्स परेशान हैं। सीयूईटी यूजी परिणाम घोषित होने के बाद जल्द ही कॉलेज में दाखिले की प्रक्रिया भी शुरू होने वाली है। बोर्ड जल्द ही नोटिफिकेशन जारी कर सकता है। अपडेट के लिए नियमित तौर पर आधिकारिक वेबसाइट https://www.cbse.gov.in/ विजिट करते रहने की सलाह दी जाती है।

दसवीं दूसरी परीक्षा का रिजल्ट भी जल्द 

सीबीएसई कक्षा दसवीं द्वितीय बोर्ड परीक्षा के परिणाम जून में कभी भी घोषित हो सकते हैं। हालांकि अब तक केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कोई भी निश्चित तारीख घोषित नहीं की है। बोर्ड द्वारा जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक दूसरी परीक्षा के लिए 6 लाख से अधिक छात्रों ने रजिस्ट्रेशन किया है। परीक्षा का आयोजन 15 मई से लेकर 1 जून तक किया गया था।

छात्र सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट के अलावा डिजिलॉकर और उमंग प्लेटफार्म पर भी अपना परिणाम चेक कर सकते हैं। इसके लिए रोल नंबर, स्कूल नंबर, जन्मतिथि और एडमिट कार्ड डिटेल्स की जरूरत पड़ेगी। रिजल्ट जारी होने के बाद अंकों का सत्यापन, उत्तर पुस्तिकाओं की फोटो कॉपी के लिए आवेदन और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey →
Follow Us :GoogleNews