MBBS नहीं मिला? घबराएं नहीं आर्मी कॉलेज से फ्री में करें BSc नर्सिंग, यहां जानिए कैसे कर सकते हैं आवेदन

अगर NEET UG 2025 में MBBS की सीट नहीं मिली तो निराश न हों। महिला उम्मीदवारों के पास भारतीय सेना के टॉप मेडिकल कॉलेजों में फ्री में BSc नर्सिंग करने का बेहतरीन मौका है। पढ़ाई का पूरा खर्च सरकार उठाएगी, स्टाइपेंड भी मिलेगा और कोर्स पूरा होते ही आर्मी मेडिकल कोर में 100% सरकारी नौकरी पक्की है। आवेदन की अंतिम तारीख 30 जून है।
MBBS नहीं मिला? घबराएं नहीं आर्मी कॉलेज से फ्री में करें BSc नर्सिंग, यहां जानिए कैसे कर सकते हैं आवेदन

NEET UG 2025 का रिजल्ट आ चुका है और हजारों छात्रों को MBBS की सीट नहीं मिल पाई है। लेकिन खास तौर पर महिला अभ्यर्थियों के लिए एक शानदार विकल्प अभी खुला है Indian Army के AFMS (Armed Forces Medical Services) के तहत BSc Nursing कोर्स। यह कोर्स न सिर्फ पूरी तरह मुफ्त है, बल्कि सरकार स्टाइपेंड भी देती है और कोर्स पूरा करने के बाद नौकरी की 100% गारंटी भी है। ऐसे में यह उन छात्राओं के लिए बेहतरीन मौका है जो मेडिकल फील्ड में जाना चाहती हैं लेकिन MBBS की सीट नहीं मिल पाई।

कौन कर सकता है आवेदन?

इस कोर्स के लिए केवल महिला अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकती हैं। इसके लिए सबसे पहले NEET UG क्वालिफाई करना जरूरी है। साथ ही 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी में कम से कम 50% अंक होने चाहिए। अभ्यर्थी की उम्र 17 से 25 साल के बीच होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया में पहले NEET स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी। इसके बाद इंटरव्यू, फिजिकल फिटनेस टेस्ट और मेडिकल एग्जामिनेशन के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार होगी। यह पूरा प्रोसेस आर्मी की सख्त चयन प्रक्रिया के तहत होता है, जिससे क्वालिटी और अनुशासन दोनों सुनिश्चित किए जाते हैं।

देश के सबसे प्रतिष्ठित आर्मी मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई का मौका

इस कोर्स में छात्राओं को देश के सबसे प्रतिष्ठित आर्मी मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई का मौका मिलेगा जैसे AFMC पुणे, INHS अश्विनी मुंबई, CH (EC) कोलकाता, CH (AF) बेंगलुरु, CH (CC) लखनऊ और R&R हॉस्पिटल दिल्ली कैंट। पूरे कोर्स की पढ़ाई, हॉस्टल, यूनिफॉर्म, किताबें और मेडिकल सुविधाएं सरकार द्वारा फ्री दी जाती हैं। इसके अलावा कोर्स के दौरान एक निश्चित स्टाइपेंड भी दिया जाता है, जिससे छात्राएं आत्मनिर्भर बनती हैं। सबसे खास बात, कोर्स पूरा होते ही आर्मी मेडिकल कोर में अधिकारी रैंक पर नियुक्ति मिलती है और पांच साल तक सेवा देना अनिवार्य होता है, जिससे करियर सुरक्षित हो जाता है।

क्यों है शानदार विकल्प?

MBBS न मिलने की स्थिति में छात्राएं आमतौर पर प्राइवेट कॉलेज या पैरामेडिकल कोर्स की ओर जाती हैं, जहां फीस काफी ज्यादा होती है और करियर की गारंटी नहीं होती। लेकिन AFMS की BSc Nursing एक ऐसा विकल्प है, जिसमें पढ़ाई मुफ्त, स्टाइपेंड पक्का और सरकारी नौकरी निश्चित है। यह सिर्फ एक कोर्स नहीं, बल्कि भारतीय सेना का हिस्सा बनने का मौका भी है। इसके जरिए छात्राएं देश सेवा के साथ-साथ अपने भविष्य को भी मजबूत बना सकती हैं।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews