MP TET 2026 : फिर बढ़ी आवेदन की तारीख, अब 11 अक्टूबर तक भर सकेंगे फॉर्म, जानें अन्य डिटेल्स

MP TET 2026: शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन की तारीख फिर बढ़ी, अब 11 अक्टूबर तक भर सकेंगे फॉर्म, आवेदन में संशोधन 12 अक्टूबर तक किया जा सकेगा, अबतक सिर्फ 22 हजार शिक्षकों ने भरा है फॉर्म
MP TET 2026

मध्य प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (MP TET 2026) के आवेदन की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ा दी गई है। अब शिक्षक 11 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं। वहीं आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 12 अक्टूबर निर्धारित की गई है। यह तीसरा मौका है, जब परीक्षा के लिए आवेदन की समय-सीमा बढ़ाई गई है।

सबसे पहले कर्मचारी चयन मंडल (ESB) द्वारा आवेदन की अंतिम तारीख 18 सितंबर निर्धारित की गई थी, लेकिन आवेदन कम होने के चलते इसे 5 अक्टूबर तक बढ़ाया गया था और अब इसे एक बार फिर 6 दिन और बढ़ा दिया गया है।

बता दें कि आवेदन की प्रक्रिया 21 अगस्त से जारी है और अब तक सिर्फ 22 हजार से अधिक शिक्षकों ने ही आवेदन किया है, जबकी प्रदेश के 1.50 लाख सेवारत शिक्षक TET के दायरे में आ रहे हैं, ऐसे में अब तक प्राप्त आवेदनों की संख्या काफी कम है। हालांकि शिक्षक संगठनों की ओर से परीक्षा की अनिवार्यता और प्रक्रिया को लेकर लगातार विरोध किया जा रहा है।

इधर, आवेदन कम होने पर स्कूल शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारियों और संकुल प्राचार्यों के माध्यम से शिक्षकों से संपर्क करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों-कर्मचारियों की सूचीवार ड्यूटी तय करने को कहा है, ताकी बाकी बचे हुए शिक्षक भी आवेदन की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरा कर लें।

किन शिक्षकों को देनी होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा 

शिक्षक पात्रता परीक्षा मध्यप्रदेश के उन सेवारत शिक्षकों के लिए अनिवार्य की गई है, जिन्होंने शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निर्धारित टीईटी पहले पास नहीं की है। इसमें सरकारी स्कूलों में प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर पढ़ाने वाले अलग-अलग श्रेणियों के शिक्षक शामिल हैं। प्राथमिक स्तर पर सहायक शिक्षक, प्राथमिक शिक्षक, सहायक अध्यापक, संविदा शाला शिक्षक वर्ग-3, प्राथमिक शिक्षक विज्ञान और प्रयोगशाला शिक्षक जैसी श्रेणियां परीक्षा के दायरे में हैं।

माध्यमिक स्तर पर उच्च श्रेणी शिक्षक, माध्यमिक शिक्षक, अध्यापक और संविदा शाला शिक्षक वर्ग-2 को भी परीक्षा देनी होगी। निजी स्कूलों में प्राथमिक और माध्यमिक कक्षाओं में अध्यापन करने वाले शिक्षक भी इस परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। शिक्षकों के लिए TET की अनिवार्यता सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद लागू हुई है। इसके तहत शिक्षकों को 31 अगस्त 2028 तक पात्रता परीक्षा पास करनी होगी।

MP TET Application date Extended

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews