UGC NET 2025 दिसंबर सेशन का नोटिफिकेशन जारी, 7 अक्टूबर से रजिस्ट्रेशन शुरू

यूजीसी नेट दिसंबर सेशन पर बड़ी अपडेट सामने आई है। रजिस्ट्रेशन प्रोसेस शुरू हो चुका है। फीस, चयन प्रक्रिया, पात्रता इत्यादि की घोषणा हो चुकी है। 7 नवंबर तक फॉर्म भर सकते हैं। 
UGC NET December 2025

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यूजीसी नेट दिसंबर सेशन (UGC NET 2025) का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। 7 अक्टूबर यानी आज से आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।  उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट https://ugcnet.nta.nic.in/ पर जाकर ऑनलाइन 7 नवंबर 2025 तक आवेदन एप्लीकेशन फॉर्म भर सकते हैं। किसी अन्य मोड में आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। प्रत्येक उम्मीदवार को केवल एक ही आवेदन पत्र भरने की अनुमति होगी।

उम्मीदवारों को आवेदन पत्र में सुधार करने का मौका 10 से लेकर 12 नवंबर के बीच मिलेगा। परीक्षा की तारीख अब तक घोषित नहीं की गई है। आधिकारिक वेबसाइट पर जल्द ही शेड्यूल उपलब्ध होगा। उम्मीदवारों की मदद के लिए हेल्प डेस्क का गठन भी एनटीए ने किया है। आवेदक से संबंधित किसी प्रकार की समस्या के लिए 011- 40759000 या 69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ugcnet@nta.ac.in पर ईमेल भी भेजा जा सकता है। 

इतनी है फीस

जनरल/अनारक्षित उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1150 रुपये है। वहीं ईडब्ल्यूएस और ओबीसी कैंडीडेट्स को 600 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा।  एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी/ थर्ड जेंडर कैंडिडेट्स के लिए एप्लीकेशन फीस 325 रुपये है।

ऐसे करें रजिस्ट्रेशन 

  • सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं।
  • होम पेज पर द लेटेस्ट न्यूज़ के सेक्शन में “यूजीसी नेट दिसंबर 2025 रजिस्ट्रेशन” के लिंक पर क्लिक करें।
  • स्क्रीन पर नया पेज खुलेगा। यहां न्यू रजिस्ट्रेशन के ऑप्शन को चुनें।
  • जरूरी जानकारी दर्ज करके आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
  • दिशा निर्देशों को अच्छे से पढ़ें। इसके बाद पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करें।
  • जरूरी दस्तावेजों को अपलोड करें। साइज और फॉर्मेट का ख्याल रखें।
  • शुल्क का भुगतान करें और आवेदन पत्र जमा करें।
  • कन्फर्मेशन पेज को डाउनलोड करें या इसका भविष्य के संदर्भ में इसका प्रिन्ट आउट निकाल कर भी रख सकते हैं।

क्या है पात्रता?

मास्टर्स डिग्री या समकक्ष परीक्षा में 55% अंकों के साथ पास करने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा 75% अंकों के साथ 4 वर्षीय बैचलर डिग्री प्रोग्राम करने वाले कैंडिडेट्स को भी यूजीसी नेट परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। जेआरएफ के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष निर्धारित की गई है। जबकि असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी के लिए अधिकतम आयु सीमा नहीं होती। अतिरिक्त जानकारी के लिए अधिसूचना पढ़ने की सलाह दी जाती है।

परीक्षा पैटर्न 

एनटीए 85 विषयों की परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट मोड में देशभर के विभिन्न शहरों में आयोजित करेंगा। टेस्ट पेपर में दो सेक्शन शामिल होंगे। दोनों में बहुविकल्पीय और एमसीक्यू प्रश्न पूछे जाएंगे। दोनों के बीच कोई ब्रेक नहीं मिलेगा। इसकी अवधि 180 मिनट यानि 3 घंटे होगी। पेपर-1 100 अंक का होगा, जिसमें 50 प्रश्न पूछे जाएंगे। वहीं पेपर दो 200 अंक का होगा, जिसमें 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न दो अंक का होगा।  गलत उत्तर पद नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान नहीं होगा। सिलेबस भी जारी कर दिया गया है।

Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey →
Follow Us :GoogleNews