यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा को दुनिया की सबसे मुश्किल परीक्षाओं में एक माना जाता है। हर साल लाखों उम्मीदवार इसमें शामिल होते हैंI इसे क्रैक करने के लिए सही मार्गदर्शन का होना जरूरी है। कई कोचिंग संस्थान अभ्यर्थियों को इस परीक्षा के लिए तैयार करते हैं, लेकिन इसके लिए मोटी फीस भी लगती है। जिसके लिए सभी छात्र समर्थ नहीं होते। आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की मदद के लिए केंद्र और राज्य सरकार कई योजनाएं चला रही है। जिसका लाभ उम्मीदवार उठा सकते हैं। ऐसे ही कुछ स्कीम्स के बारे में यहाँ बताया गया है।
बता दें यूपीएससी सीएससी चयन प्रक्रिया में तीन चरण होते हैं। पहले चरण में प्रीलिम्स एग्जाम होता है, इसमें आवेदन करने वाले सभी पात्र उम्मीदवार शामिल हो सकते हैं। दूसरा चरण मुख्य परीक्षा का होता है, प्रारंभिक परीक्षा में चयनित कैंडिडेट्स को शामिल होने की अनुमति होती है। अंतिम चरण इंटरव्यू है। इस साल मेंस एग्जाम 22 अगस्त से शुरू होने जा रहा है।
ओडिशा सरकार ने लॉन्च की नई स्कीम (UPSC Free Coaching)
ओडिशा सरकार ने हाल ही में मिशन अकंख्या लॉन्च किया है। इसके तहत जिला प्रशासन और विजन आईएस कोचिंग के कोलेब्रेशन में 60 उम्मीदवारों को यूपीएससी के लिए फ्री कोचिंग मिलेगी। आवेदन प्रक्रिया 22 अगस्त से 21 सितंबर तक जारी करेगी। इसके अलावा यूपीएससी नागरिक सेवा रेजिडेंशियल कोचिंग योजना भी सरकार चला रही है, जिसके लिए आवेदन प्रक्रिया 8 जून तक जारी थी।
राज्य सरकार की योजनाएं
- उत्तर प्रदेश सरकार सीएम अभ्युदय योजना चला रही है। इसके तहत उम्मीदवारों को यूपीएससी की फ्री कोचिंग दी जाती है। इस स्कीम के तहत नीट और जेईई की तैयारी भी करवाई जाती है। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में पढ़ाया जाता है।
- महाराष्ट्र सरकार “यूपीएससी छात्रवृति” नाम की योजना चला रही है। इससे वे उम्मीदवार जुड़ सकते हैं, जिन्होंने पिछले 3 वर्षों में एक बार मुख्य परीक्षा पास की है। फ्री कोचिंग के साथ हर महीने 10,000 रूपये भी मिलते हैं।
- दिल्ली में भीम मुख्यमंत्री विकास योजना सरकार चला रही है। इसके तहत नीट, जेईई और यूपीएससी परीक्षा की तैयारी करवाई जाती है। योजना का लाभ 2 लाख रूपये से कम फैमिली इनकम वाले स्टूडेंट्स उठा सकते हैं। जनरल, एससी, एसटी और ओबीसी उम्मीदवारों के यह स्कीम उपलब्ध है।
- छतीसगढ़ सरकार राजीव युवा उत्थान योजना चला रही है। एससी/एसटी/ओबीसी कैंडिडेट्स इससे जुड़ सकते हैं। यूपीएससी के लिए ऑफलाइन कोचिंग दी जाती है।
- झारखंड सरकार इंटीग्रेटेड कोचिंग प्रोग्राम नाम की स्कीम चला रही है। जिसके तहत यूपीएससी कोचिंग प्रदान किया जाता है। मेरिट और प्रवेश परीक्षा के आधार पर उम्मीदवारों का चयन होता है।
- राजस्थान सरकार अनुप्रति योजना चला रही है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को फ्री में यूपीएससी परीक्षा की तैयारी में तैयारी करवाई जाती है।
- गुजरात सरकार सरदार पटेल इंस्टिट्यूट ऑफ़ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन स्कीम चला रही है। इसका लाभ गुजरात के निवासी उम्मीदवारों को मिलता है।
- मध्य प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी यूपीएससी कोचिंग योजना के तहत एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक वर्ग के छात्रों को मुफ्त कोचिंग प्रदान करती है।
केन्द्रीय विश्वविद्यालय भी चला रहे फ्री कोचिंग
कई केन्द्रीय विश्वविद्यलय भी यूपीएससी के लिए निःशुल्क कोचिंग स्कीम चला रहे हैं। इसमें बनारस हिंदी यूनिवर्सिटी 100 उम्मीदवारों को डॉ. अंबेडकर सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस स्कीम के तहत फ्री कोचिंग प्रदान करती है। जामिया मिलिया इस्लामिया एससी/एसटी/अल्पसंख्यक/महिला उम्मीदवारों के लिए फ्री कोचिंग स्कीम चलाता है। हर साल 200 सीटों पर मुफ्त कोचिंग हॉस्टल सहित के लिए एप्लीकेशन पोर्टल ओपन करता है। इस लिस्ट में जामिया हमदर्द और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी भी शामिल है।






