Chhatarpur News : प्रत्याशी घोषित होने के बाद कांग्रेस में कलह, इन नेताओं ने दिए बगावत के संकेत

congress

Chhatarpur News : जैसे-जैसे राजनैतिक दलों के द्वारा अपने प्रत्याशियों का ऐलान किया जा रहा है वैसे-वैसे दोनों दलों में टिकिट की आशा लगाए बैठे नेता बगावत के रास्ते पर निकलने लगे हैं। रविवार को छतरपुर जिले की 6 सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशियों का ऐलान होते ही पार्टी के भीतर कलह और बगावत के आसार दिखने लगे हैं। बिजावर सीट पर टिकिट की दावेदारी कर रहे केशुराजा, राजनगर सीट पर टिकिट की दौड़ में शामिल सिद्धार्थ सिंह और महाराजपुर सीट पर टिकिट मांग रहे कांग्रेसी नेता अजय दौलत तिवारी ने सोमवार को फेसबुक पर लाइव आकर पार्टी के फैसले पर नाराजगी व्यक्त की है और बागी होकर चुनाव लडऩे के संकेत दिए हैं।

उधर कांग्रेस ही नहीं भाजपा के भीतर भी कलह के आसार बन रहे हैं। बड़ालमहरा में भाजपा प्रत्याशी प्रद्युम्र सिंह की टिकिट फाइनल होते ही बक्स्वाहा क्षेत्र के नेता करन सिंह लोधी पहले ही अपना इस्तीफा भेजकर मैदान में कूदने का ऐलान कर चुके हैं। सोमवार को भाजपा के युवा नेता मनोज यादव ने भी यही संकेत दिए। उन्होंने बड़ामलहरा में किसान संवाद यात्रा निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया और मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ने बाहरी प्रत्याशियों के तौर पर प्रद्युम्र सिंह और रामसिया को मैदान में उतारा है जो कि बड़ामलहरा की जनता को स्वीकार नहंी है। उन्होंने कहा कि बड़ामलहरा की जनता इस बार क्षेत्रीय प्रत्याशी की मांग कर रही थी। यदि जनता ने आदेश दिया तो वे चुनावी मैदान में उतरेंगे और क्षेत्रियता के मुद्दे के साथ चुनाव लड़ेंगे।

कांग्रेसी नेताओं ने जनता से मांगे सुझाव

सभी सीटों पर प्रत्याशियों के ऐलान के बाद इन नाराज कांग्रेस नेताओं ने जनता से सुझाव मांगे हैं। बिजावर सीट पर टिकिट की दावेदारी करने वाले केशुराजा ने पार्टी के फैसले पर नाराजगी व्यक्त करते हुए फेसबुक लाईव किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला स्वीकार नहीं है। केशुराजा बोले की कमलनाथ ने सर्वे के आधार पर टिकिट नहीं दिया है। केशुराजा ने मंगलवार को अपने गृहग्राम गहरवार में समर्थकों को आमंत्रित किया है और इन्हीं समर्थकों के बीच फैसला लेने की बात कही है। इसी तरह के संकेत सिद्धार्थ शंकर बुन्देला ने भी दिए। उन्होंने सोमवार को राजनगर के बलवंत महाविद्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर उनसे चुनाव के लिए सुझाव मांगे। महाराजपुर सीट पर टिकिट की दावेदारी कर रहे अजय दौलत तिवारी ने भी फेसबुक लाइव करते हुए पार्टी के द्वारा नीरज दीक्षित को टिकिट दिए पर नाराजगी व्यक्त की है और कहा है कि वे जल्द ही जनता के सुझावों पर फैसला लेंगे।
छतरपुर से सुबोध त्रिपाठी की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews