
Ravindra Singh Parihar arrest
छतरपुर पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए कुख्यात अपराधी रविंद्र सिंह परिहार को गिरफ्तार कर लिया है। कुछ ही दिन पहले रविंद्र परिहार जिला अस्पताल के कैदी वार्ड से पुलिस की राइफल लेकर फरार हो गया था। इसके बाद सागर आईजी ने उसे पकड़ने के लिए 30 हजार का इनाम घोषित किया था।
रविवार रात ग्राम पनोठा के समीप छतरपुर पुलिस ने उसे धर दबोचा और उसके कब्जे से फरार होने के चुराई गई राइफल भी बरामद कर ली है। आरोपी को ओरछा रोड थाने में रखा गया हैं। छतरपुर एसपी ने उसे पकड़ने के लिए खासतौर पर 25 सदस्यीय एसआईटी टीम का गठन किया था।
पुलिस को चकमा देकर हुआ था फरार
घटना की शुरुआत 9 सितंबर को हुई जब पुलिस पर हमला करने के मामले में जेल में बंद रविंद्र सिंह परिहार को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद जिला अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती किया गया था। इलाज के दौरान उसने मौका देखकर बड़ी चालाकी से भागने की योजना बनाई। देर रात वो कैदी वार्ड के गेट पर बाहर से ताला लगाकर पुलिस की राइफल लेकर फरार हो गया। उस समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी सोते हुए पाए गए और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने चार पुलिसकर्मियों राकेश अहिरवार, हरिश्चंद्र अहिरवार, पंकज तिवारी और शिवम शर्माको तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
पुलिस विभाग में मचा हड़कंप
रविंद्र के फरार होने की खबर फैलते ही जिला अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मरीज और स्टाफ दहशत में आ गए। पूरे शहर में नाकेबंदी शुरू कर दी गई और पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया। एसपी ने रविंद्र सिंह परिहार को पकड़ने के लिए पांच टीमें गठित कीं, जो अलग-अलग इलाकों में रविंद्र की तलाश में जुट गईं। इसके साथ ही, उसकी गिरफ्तारी के लिए सागर आईजी ने 30,000 का इनाम भी घोषित किया।
एसआईटी ने किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर गठित 25 सदस्यीय एसआईटी ने रविंद्र परिहार की लोकेशन का पता लगाया। रविवार रात ग्राम पनोठा के पास पुलिस ने घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मौके पर पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित भारी पुलिस बल मौजूद था। गिरफ्तारी के बाद रविंद्र को ओरछा रोड थाने में रखा गया है जहां उससे पूछताछ जारी है।
छतरपुर से सौरभ शुक्ला
[dgv_vimeo_video id=”1118620158″]
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

