छतरपुर पुलिस ने साइबर ठगी के गिरोह का किया पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार, 35 करोड़ की ठगी से जुड़े तार

छतरपुर पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 20 पासबुक, 23 ATM कार्ड, 104 सिम और 2 मोबाइल बरामद हुए।
Chhatarpur cyber fraud

छतरपुर: मध्यप्रदेश के छतरपुर में पुलिस ने म्यूल बैंक अकाउंट के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले आरोपी और कियोस्क संचालक समेत 3 अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बता दें​ कि पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से 20 बैंक पासबुक, 23 एटीएम कार्ड, 104 सिम कार्ड और 2 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। बरामद बैंक अकाउंट, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड की जांच में इनके तार अन्य राज्यों में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के मामलों से जुड़े मिले हैं।

पुलिस का दावा है कि संबंधित बैंक अकाउंट और सिम कार्ड का लिंक करीब 35 करोड़ की साइबर धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में सामने आया है। हालांकि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर साइबर अपराधों पर लगाम और आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच, थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से राजनगर रोड फोरलेन ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति द्वारा म्यूल बैंक अकाउंट उपलब्ध कराने की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस की टीम सक्रिय हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली। उसके बैग से अलग-अलग बैंकों की 20 पासबुक, 23 एटीएम कार्ड, विभिन्न कंपनियों की 104 सिम और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

35 करोड़ की साइबर धोखाधड़ी से जुड़े तार

बता दें​ कि जब पुलिस ने पूरे मामले की गहन जांच तो सामने आया कि बरामद बैंक अकाउंट, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड का इस्तेमाल कथित तौर पर साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में किया जा रहा था। इतना ही नहीं, इनका कनेक्शन बिहार, दिल्ली, राजस्थान, कर्नाटक, गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल और पंजाब समेत कई राज्यों में दर्ज साइबर अपराधों से भी मिला। इन मामलों में करीब 35 करोड़ की साइबर धोखाधड़ी से जुड़े बैंक अकाउंट सामने आए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को अलग-अलग तरह का लालच देकर उनके बैंक खाते लेते थे। इसके बाद इन खातों से जुड़े सिम के जरिए ठगी की रकम का लेनदेन किया जाता था। हालांकि पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों और खातों में हुए लेनदेन की जांच कर रही है।

पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने सलमान राइन, उज्जवल अग्रवाल और राहुल पांडेय को गिरफ्तार किया है। सलमान राइन निवासी बड़ी कुंजरहटी, छतरपुर पर बैंक खाते उपलब्ध कराने और बेचने का आरोप है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है। मामले में कुछ आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews